द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि विगत दिनों उनके पिता नंदकुमार बघेल द्वारा एक वर्ग विशेष के विरूद्ध की गई टिप्पणी उनके संज्ञान में आई है। उनकी इस टिप्पणी से समाज के एक वर्ग की भावनाओं और सामाजिक सद्भाव को ठेस लगी है। उनके इस बयान से उन्हें भी दुःख हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से ज्ञात हुआ है कि ये बात कही जा रही है कि नंदकुमार बघेल पर इसलिये कार्यवाही नहीं होगी, क्योंकि वे मुख्यमंत्री के पिता हैं। भूपेश बघेल ने स्पष्ट कहा है कि उनकी सरकार सभी को एक ही दृष्टि से देखती है। उनके पिता नंदकुमार बघेल के साथ उनके वैचारिक मतभेद शुरू से हैं, ये बात सभी को पता है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि हमारे राजनीतिक विचार और मान्यताएं भी बिल्कुल अलग-अलग हैं। एक पुत्र के रूप में मैं उनका सम्मान करता हूँ लेकिन एक मुख्यमंत्री के रूप में उनकी किसी भी ऐसी गलती को माफ नहीं किया जा सकता जो सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने वाली हो। उनकी सरकार में कोई भी कानून से ऊपर नहीं है फिर चाहे वो मुख्यमंत्री के 86 साल के पिता ही क्यों न हो।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है इस सम्बंध में पुलिस द्वारा विधिसम्मत कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। छत्तीसगढ़ सरकार हर जाति, हर धर्म, हर वर्ग हर समुदाय के लोगों के सम्मान और उनकी भावनाओं की कद्र करती है, सभी को एक समान महत्व देती है और सभी के मान सम्मान और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करना अपना कर्तव्य समझती है। मुख्यमंत्री ने कहा है – हमारे लिए कानून सर्वोपरि है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal