Breaking News

मुख्यमंत्री सहित दिग्गज कांग्रेस नेता कल भिलाई-दुर्ग में : कांग्रेसी झंडे से सजा सेंट्रल एवेन्यू रोड : दुर्ग में भी जोरशोर से तैयारियां

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

कल 10 नवंबर को दुर्ग-भिलाई में दिग्गज कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा होगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस महासचिव पीएल पुनिया समेत प्रदेश कांग्रेस के सभी दिग्गज कांग्रेस नेताओं के आगमन को देखते हुए दुर्ग-भिलाई में कांग्रेस नेता जोरशोर से तैयारियों में जुटे हैं। दुर्ग में प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक होगी। इससे पहले भिलाई में भारत में पंडित जवाहर लाल नेहरू के योगदान को लेकर महत्वपूर्ण व्याख्यान दिया जाएगा। दोनों कार्यक्रमों की तैयारियों में आज दिन भर दुर्ग-भिलाई के कांग्रेस नेता जुटे रहे।

विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने आज दुर्ग में नवनिर्मित कांग्रेस भवन में चल रही तैयारियों का जायजा लिया। वाहन पार्किंग, हॉल में कार्यसमिति की बैठक की व्यवस्था के अलावा राजीव भवन के सामने विशाल पंडाल लगाने के कार्य का निरीक्षण करते हुए वोरा ने संगठन पदाधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये गए। इस दौरान निगम सभापति राजेश यादव, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल, एमआईसी मेंबर अब्दुल गनी, ऋषभ जैन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अलताफ अहमद, मनदीप भाटिया, बिजेंद्र भारद्वाज, रत्ना नारमदेव, कन्या ढीमर, राजकुमार साहू, सुरेंद्र ठाकुर, शिवाकांत तिवारी, हेमंत तिवारी, संदीप श्रीवास्तव, अब्दुल रफीक सहित अन्य कांग्रेस नेता सक्रिय रहे।

भिलाई में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभद्रा सिंह सहित अन्य कांग्रेस नेताओं की अगुवाई में यहां तैयारियां चल रही है। कार्यक्रम स्थल सिविक सेंटर सहित समूचे सेंट्रल एवेन्यू को कांग्रेसी झंडों से सजाया गया है। दिग्गज कांग्रेस नेताओं के आगमन को देखते हुए सेंट्रल एवेन्यू रोड के डिवाइडर को झंडे से पाट दिया गया है। सेंट्रल एवेन्यू के सभी चौक चौराहों पर भी झंडे सजाए गए हैं। मुख्यमंत्री समेत केंद्रीय कांग्रेस नेता भिलाई में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दुर्ग जाएंगे। सेक्टर 9 चौक तक पूरे मार्ग पर झंडे सजाए गए हैं। देर शाम तक यह काम जारी रहा।

गौरतलब है कि भारत में पंडित जवाहर लाल नेहरू के योगदान विषय पर व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। सिविक सेंटर स्थित महात्मा गांधी सभागृह कला मंदिर में सुबह 11 बजे से नेहरू क्यों? विषय पर व्याख्यान होगा। व्याख्यान में देश के प्रख्यात वक्ता पुरुषोत्तम अग्रवाल द्वारा आधुनिक भारत के निर्माता देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित नेहरू के जीवन और आजादी के पूर्व और आजादी के बाद राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के विषय में व्याख्यान दिया जाएगा। इसके बाद दुर्ग में नवनिर्मित राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक होगी जिसमें केंद्र सरकार को महंगाई जैसे मुद्दों पर घेरने सहित अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी।

Check Also

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नवा रायपुर में किया विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण

विकसित भारत के संकल्प के साथ पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश देगा विकसित भारत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!