- सीएम बोले हिप हिप हुर्रे : फुटबॉल ग्राउंड में बच्चे हड़िप्पा करते हुए उत्साह से मुख्यमंत्री की ओर दौड़े

द सीजी न्यूज डॉट कॉम
भिलाई के सेक्टर-9 फुटबॉल स्टेडियम के लोकार्पण के मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने शानदार फुटवर्क से लोगों का दिल जीत लिया। मुख्यमंत्री के फुट वर्क मोशन से वे मंजे हुए खिलाड़ी लग रहे थे। उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री फुटबॉल खिलाड़ियों से भी मिले। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भिलाई में खेलों की शानदार अधोसंरचना हमने तैयार की है। बीते 3 सालों में अनेक खेल स्टेडियम का लोकार्पण हमने किया है। इससे निश्चित रूप से हमारे खिलाड़ियों को बहुत सुविधा मिल रही है। भिलाई खिलाड़ियों का हब रहा है यहां लगातार खेल अधोसंरचना को बढ़ाने की दिशा में हम कृत संकल्प हैं। सुंदर फ्लडलाइट स्टेडियम लोगों के लिए बहुत उपयोगी साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल अधोसंरचना में किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी। 71 लाख रुपए की लागत से यह फुटबॉल स्टेडियम बनाया गया है। लोकार्पण के मौके पर विधायक देवेंद्र यादव सहित उपस्थित खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। इससे पहले सेक्टर-9 में फ्लड लाइट युक्त फुटबॉल स्टेडियम का लोकार्पण मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा किया गया। वार्ड क्रमांक 68 हॉस्पिटल सेक्टर 9 फुटबॉल ग्राउंड का निर्माण कार्य विधायक देवेंद्र यादव की विधायक निधि और अधोसंरचना बचत राशि से की गई है। स्टेडियम को अंतराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए आर्टिफिशियल टर्फ घास का उपयोग किया गया है। रात्रि के समय रोशनी के लिए हाई मास्ट फ्लड लाइट भी लगाई गई है। ग्राउंड में कुल 6 फ्लड लाइट पोल लगाए गए हैं। इसके साथ साथ 84 एलईडी लाइट भी लगाए गए हैं। ग्राउंड का क्षेत्रफल 8,470 स्क्वायर मीटर है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जैसे ही ग्राउंड का लोकार्पण किया। बच्चों ने मुख्यमंत्री की ओर दौड़ लगाई और अपने उत्साह का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने फुटबॉल को किक करके मैच की शुरुआत की। गोल पोस्ट पर गोल कर मुख्यमंत्री ने हिप हिप हुर्रे की आवाज लगाई। इस अवसर पर अंत्यावसाई विकास निगम के उपाध्यक्ष अनीता लोधी, कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे, एसपी बद्रीनारायण मीणा, साई राम जाखड़ कोषाध्यक्ष छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ डीजीएम स्पोर्ट्स और अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal