
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस पदाधिकारियों और जिला कांग्रेस अध्यक्षों से आव्हान करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की जनहितैषी योजनाओं को आखिरी छोर तक पहुंचाएं। हरेक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए कांग्रेस संगठन पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार सक्रिय रहें, ताकि लोगों को योजनाओं का फायदा मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेतिहर मजदूर न्याय योजना के तहत पात्रता रखने वाले जिन लोगों ने अभी तक पंजीयन नहीं कराया है, उनके पंजीयन कराए जाएं, ताकि गरीब मजदूरों को इस योजना का फायदा मिले।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पदाधिकारियों से आव्हान करते हुए कहा कि सभी निकायों, गांवों में 15 से 40 वर्ष आयु के युवाओं के लिए राजीव मितान क्लब का पंजीयन कराने के लिए जुटें। सीएम ने गौठान योजना और गोधन न्याय योजना के फायदों का लाभ दिलाने के साथ ही किसानों से ज्यादा से ज्यादा पैरादान करने की अपील भी की, ताकि सभी गौठानों में गौ-माता के लिये चारा उपलब्ध हो सके।

संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की गई
कार्यसमिति की बैठक में कांग्रेस महासचिव पीएल पुनिया, कांग्रेस सचिव सप्तगिरी उलका, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने बूथ गठन की प्रक्रिया को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई। हरेक जिले में कांग्रेस अध्यक्षों से बूथ गठन की रिपोर्ट लेने के साथ ही 1 नवंबर से शुरू सदस्यता अभियान को गति देने के निर्देश दिये गए। बूथ गठन की प्रक्रिया 31 दिसंबर तक पूरी करना है। सदस्यता अभियान 31 मार्च तक चलेगा। इन दोनों अभियानों के साथ ही केंद्र की मोदी सरकार की नाकामियों को हर गली मोहल्ले में उजागर करने और छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने की अपील की गई।
बैठक में गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया, पीएचई मंत्री रुद्र गुरू, विधायक अरुण वोरा, आल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष क्षितिज चंद्राकर, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला, राजेंद्र साहू, अरुण सिसोदिया, निर्मल कोसरे, गया पटेल, मुकेश चंद्राकर सहित प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के सभी सदस्य और 34 जिलों के कांग्रेस अध्यक्ष मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal