- कलेक्टर ने ली विकासखंड शिक्षा अधिकारी और प्राचार्यों की बैठक

राजनांदगांव / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज बल्देव प्रसाद मिश्र विद्यालय के शहीद विनोद चौबे मेमोरियल ऑडिटोरियम में जिले के सभी स्कूल के प्राचार्यों की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि प्राचार्यों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जब प्राचार्य अनुशासन का पालन करेंगे, तब अन्य शिक्षकों में अनुशासन होगा। कुछ महीनों के बाद बच्चों की परीक्षा शुरू होगी। बच्चों की परीक्षा की तैयारी के लिए विशेष रणनीति बनाई जाए। बच्चों की कमजोरी का पता लगाकर उसे दूर करें। सभी बच्चों को प्रोत्साहित करने के साथ ही अवसर उपलब्ध करने की जरूरत है।प्राचार्य कक्षा में पहुंचकर शिक्षकों की पढ़ाई की मॉनिटरिंग करें। बच्चों के अभिभावकों से मिलकर शिक्षक उनकी समस्याओं की जानकारी ले और उसे दूर करें।

कलेक्टर ने कहा कि कोविड-19 के कारण पिछले डेढ़ वर्षों से बच्चे स्कूलों में पढऩे नहीं आए थे। हमारी जिम्मेदारी है कि 10 वीं और 12 वीं की परीक्षा के तैयारी के लिए रणनीति बनाकर कार्य करें। 10वीं और 12वीं के बच्चों के लिए विषयवार 100-100 प्रश्र पिछले वर्षों के पेपर से चयन करेंं और विषय विशेषज्ञ शिक्षक से मॉडल उत्तर तैयार कर पुस्तक के रूप में स्कूलों में उपलब्ध कराएं। इस पुस्तक से बच्चों को अभ्यास कराएं। जिससे विद्यार्थी अच्छा परिणाम लाएंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों को अतिरिक्त तैयारी कराने की जरूरत है। बच्चों द्वारा अधिक अभ्यास करने से विषय में दक्ष होंगे। परीक्षा की तैयारी के लिए साप्ताहिक परीक्षा आयोजित करें।
उन्होंने कहा कि वार्षिक परीक्षा के लिए समय कम बचा हुआ है। इस समय अवधि में बच्चों को परीक्षा के लिए तैयार किया जाए। बच्चों को परीक्षा के लिए घबराहट न हो इसके लिए कठिन चीजों को सरल करके बताएं। जिला शिक्षा अधिकारी एचआर सोम ने कहा कि 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा प्रारंभ होने वाली है। इस अवसर पर सहायक संचालक शिक्षा आदित्य खरे, सहायक संचालक शिक्षा संगीता राव, डीएमसी भूपेन्द्र साहू सहित जिले के विकासखंड शिक्षा अधिकारी व प्राचार्य उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal