
- धान का अवैध परिवहन रोकने पड़ोसी राज्यों से लगने वाली सीमाओं को करें सील
- सीमावर्ती इलाकों पर रखें कड़ी निगरानी
- धान का अवैध परिवहन करने वालों पर करें कठोरता से कार्रवाई
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के सीमावर्ती राज्यों से छत्तीसगढ़ में धान के अवैध परिवहन की शिकायतों को गंभीरता से लिया है। उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को पड़ोसी राज्यों से धान के अवैध परिवहन पर कड़ाई से अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि पड़ोसी राज्यों से लगने वाली राज्य की सीमाओं को सील किया जाए और सीमावर्ती इलाकों में धान का अवैध परिवहन रोकने के लिए लगातार कड़ी निगरानी करें। धान का अवैध परिवहन करने वालों पर कठोरता से कार्रवाई करें।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश में किसानों के समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी में 1 दिसम्बर से शुरू हो रही है। छत्तीसगढ़ में किसानों को दूसरे राज्यों की तुलना में धान की अच्छी कीमत मिल रही है। किसानों को धान का समर्थन मूल्य मिलने के साथ-साथ राज्य सरकार द्वारा राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत इनपुट सब्सिडी भी दी जा रही है। इस कारण धान खरीदी के सीजन में हर वर्ष सीमावर्ती राज्यों से धान के अवैध परिवहन की शिकायतें मिलती हैं। इस पर कड़ाई से अंकुश लगाने की जरूरत है।
छत्तीसगढ़ में इस वर्ष किसानों से समर्थन मूल्य पर लगभग 105 लाख मेट्रिक टन धान की खरीदी का अनुमान है। प्रदेश में लगभग 2311 से अधिक सहकारी समिति केन्द्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जाएगी। इस वर्ष 1.13 लाख नए किसानों ने पंजीयन कराया है। अभी तक धान विक्रय के लिए पंजीकृत किसानों की संख्या 22 लाख 66 हजार से अधिक हो गई है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal