
- मुख्यमंत्री ने लगातार दो दिन राइस मिलर्स के साथ की थी धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा
- चीफ सेक्रेटरी सहित वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं धान खरीदी और कस्टम मिलिंग की सतत् निगरानी
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
छत्तीसगढ़ में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरूआत के साथ ही समितियों से धान का उठाव भी शुरू हो गया है। धान खरीदी शुरू होने के तीसरे दिन ही बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और रायगढ़ जिलों में समितियों से धान का उठाव शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने समितियों में धान जाम न होने देने अधिकारियों को निर्देश दिए थे। धान खरीदी के साथ धान के उठाव का कार्य भी शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों की सहूलियत के लिए धान खरीदी केन्द्रों में सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रुप से संचालित करने मुख्य सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारियों को धान खरीदी की व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने लगातार दो दिन 30 नवंबर और 1 दिसंबर को छत्तीसगढ़ प्रदेश राइस मिलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों और खाद्य विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक में राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और धान की कस्टम मिलिंग की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने राइस मिलरों से समितियों से धान का उठाव और मिलिंग कार्य में गति लाने और बारदानों की आपूर्ति पर राइस मिलर्स को विशेष ध्यान रखने कहा था।
प्रदेश में धान खरीदी एक दिसंबर से शुरू होने के साथ ही मुख्य सचिव अमिताभ जैन सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने धान खरीदी केन्द्रों में पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं की निगरानी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री की पहल पर धान का उठाव पहली बार खरीदी शुरू होने के तीन दिनों के भीतर ही शुरू हो गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि उठाव के बाद धान कस्टम मिलिंग के लिए सीधे राइस मिलों में जाए। इससे पहले तक धान संग्रहण केन्द्रों में रखा जाता था। इसके बाद मिलों में भेजने की व्यवस्था होती थी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal