
- राष्ट्रपति से छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेेंड़िया ने ग्रहण किया अवार्ड
- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दी बधाई
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दिव्यांगजनों के कल्याण के उत्कृष्ट कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ को तीन राष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाज़ा गया है। अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ को यह अवार्ड प्रदान किए। छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया ने पुरस्कार ग्रहण किया। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, संचालक पी. दयानन्द, उप सचिव राजेश तिवारी, संयुक्त संचालक पंकज वर्मा भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए सभी श्रेणियों के विजेताओं को बधाई देते हुए आगे भी दिव्यांगजनों के हित में श्रेष्ठ कार्य करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
बेस्ट ब्रेल प्रेस की श्रेणी में बिलासपुर में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित ब्रेल प्रेस को उत्कृष्ट कार्यों के लिए, स्थानीय निकाय की श्रेणी में नया रायपुर, अटल नगर विकास प्राधिकरण को विकलांग व्यक्तियों के लिए अवरोध मुक्त वातावरण के निर्माण के उत्कृष्ट कार्य के लिए और दिव्यांगजन को स्वरोजगार के लिए सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता और प्लेसमेंट अधिकारी/एजेंसी की श्रेणी में निजी या गैर-सरकारी संगठन या कार्यालय के लिए समता कॉलोनी रायपुर के नुक्कड़ टी कैफे वेंचर्स एलएलपी को सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता के रूप में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों को ब्रेल लिपि में पाठ्य पुस्तक, साहित्य एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों के साथ ही सुगम्य पुस्तकालय अंतर्गत ई-पुस्तकालय में ऑनलाइन शिक्षण में उल्लेखनीय कार्य के लिए ब्रेल प्रेस बिलासपुर को नेशनल अवार्ड मिला है। बिलासपुर स्थित ब्रेल प्रेस ने दृष्टिबाधितों के लिए पाठ्य सामग्री, साहित्य तैयार करने के साथ निर्वाचन हेतु मतपत्र तैयार किया हैं। इसके साथ ही ब्रेल प्रेस की दृष्टिहीनों के लिए ऑनलाइन पुस्तकालय की सुविधा से विद्यार्थियों को कोरोना काल में बहुत मदद मिली है। नवा रायपुर अटल नगर में दिव्यांगजनों के लिए सड़क, भवन, सार्वजनिक स्थल सहित अन्य स्थानों पर बाधारहित वातावरण निर्माण करने, दिव्यांगजनों के लिए शौचालय निर्माण आदि कार्यों के लिए नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण को राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया है। समता कॉलोनी रायपुर में नुक्कड़ टी कैफे वेंचर्स, एल.एल.पी. द्वारा श्रवण बाधित दिव्यांग व्यक्तियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए नुक्कड़ टी कैफे का संचालन कुशलतापूर्वक किया जा रहा है। इसमें श्रवण बाधित व्यक्तियों द्वारा जनसामान्य को अपनी सेवाएं दी जा रही है। समाज में दिव्यांग व्यक्तियों के प्रति सकारात्मक वातावरण के दिशा में उल्लेखनीय कार्य के लिए उन्हें भी राष्ट्रीय पुरस्कार पुरस्कार प्रदान किया गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal