
- संभागायुक्त ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से ली समीक्षा बैठक
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग / संभागायुक्त महादेव कावरे ने आज वीडियो कान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से संभाग के सभी कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और संभाग के सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारियों को शासन की योजनाओं में गति लाने के संबंध में निर्देश दिए। संभागायुक्त ने सी-मार्ट के लिए कार्ययोजना बनाने सभी कलेक्टर्स को निर्देश देते हुए आवश्यक कार्रवाई पूरी करने कहा। बेमेतरा और कबीरधाम में टीकाकरण की धीमी गति होने पर संभागायुक्त ने दोनों जिलों के कलेक्टरों को तेजी लाने के निर्देश दिये। सभी जिलों में शहरी क्षेत्रों में रात 10 बजे तक टीकाकरण करने का सुझाव भी दिया।
कावरे ने सभी कलेक्टर्स को सुचारू रूप से धान खरीदी का कार्य संपादित करने पर सराहना करते हुए कहा कि 31 मार्च तक धान उठाव की कार्ययोजना तैयार करें। बालोद में केवल 22 प्रतिशत धान उठाव होने पर संभागायुक्त ने कलेक्टर से उठाव का कार्य तेजी से करने के निर्देश दिए। सभी कलेक्टर्स ने संभागायुक्त को आश्वस्त किया कि निर्धारित समय-सीमा में धान उठाव का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
संभागायुक्त ने संयुक्त पंजीयक सहकारी संस्थाएं और कलेक्टर्स को समन्वय स्थापित कर कार्य करने कहा। धान खरीदी की भुगतान राशि जल्द ही किसानों को देने के निर्देश भी दिए। संभागायुक्त ने खेल, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में शहरी व ग्रामीण युवाओं को अवसर प्रदान करने के लिए राज्य शासन की राजीव युवा मितान क्लब का गठन करने कहा। दुर्ग के कलेक्टर ने बताया कि जिले में 42 क्लब का गठन किया जा चुका है। शेष क्लब के गठन की कार्यवाही प्रगति पर है। गोधन न्याय योजना के अन्तर्गत जिले में 80 प्रतिशत से अधिक उपयोग के लिए ज्यादा से ज्यादा कम्पोस्ट विक्रय करने और जल जीवन मिशन तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिये।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal