
- कलेक्टर ने शहर में चल रहे विकास कार्यों का किया निरीक्षण, तेजी से काम पूरा करने दिये निर्देश
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग / रायपुर और बिलासपुर की तर्ज पर दुर्ग में भी दुर्ग शहर विकास समिति का गठन किया जाएगा। समिति की नियमित अंतराल में बैठक होगी। समिति की बैठक में शहर के विकास को आगे ले जाने की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। आज दुर्ग शहर के विकास को लेकर हुई समीक्षा बैठक में महापौर ने इस संबंध में सुझाव रखते हुए कहा कि विधायक अरुण वोरा की अध्यक्षता में समिति बनाई जा सकती है। इस पर कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने सुझाव को अमलीजामा पहनाने के निर्देश अधिकारियों को दिये।

कलेक्टर ने कहा कि रायपुर में समिति का काम किस तरह हो रहा, इसका अध्ययन कर लें और शीघ्र ही इसका गठन कर लिया जाए। बैठक में विधायक वोरा ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए विभागीय समन्वय के बारे में कुछ सुझाव दिये। महापौर ने शहर के अधोसंरचना विकास से संबंधित विषय रखे। कलेक्टर ने कहा कि इसकी मानिटरिंग संयुक्त कलेक्टर के स्तर पर होगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की शहर विकास से संबंधित समीक्षा बैठक शीघ्र ही अन्य निगमों में भी होगी। बैठक में अपर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, आयुक्त हरेश मंडावी, एसडीएम विनय पोयाम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ सड़क चौड़ीकरण के कार्यों का अवलोकन भी किया। वायशेप ब्रिज से लेकर गंज पारा तक निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कहा कि सभी कार्य प्राथमिकता से समय पर पूरे होने चाहिए। जिन कार्यों में समन्वय की जरूरत थी, उन पर आज चर्चा कर ली गई है। नगरीय प्रशासन विभाग से चर्चा कर जल्द ही निराकरण कर लिया जाएगा।
विधायक और महापौर ने ट्रैफिक के लिए एक विशेष जगह चिन्हांकित करने का सुझाव दिया। कलेक्टर ने निगम आयुक्त व अधिकारियों को इसके लिए जगह चिन्हांकित करने और ट्रैफिक की समस्या का निदान करने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने शिवनाथ नदी के किनारे घाट का निरीक्षण भी किया। यहां उन्होंने लैंडस्केपिंग और ब्यूटीफिकेशन के लिए बने प्रपोजल को देखा और अधिकारियों को सुझाव दिये। उन्होंने पूरा काम शीघ्र पूरा करने निर्देश दिये।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal