द सीजी न्यूज डॉट कॉम
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने बीती रात धमधा नाका फ्लाईओवर में हुए हादसे में चार लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने कहा है। दुर्ग शहर में लगातार एक्सीडेंट की घटनाओं के कारण हो रही मौतों पर चिंता जताते हुए वोरा ने कहा कि दुर्घटनाएं रोकने के लिए यातायात विभाग को सभी जरूरी इंतजाम करना चाहिए। वोरा ने आज इस मामले को लेकर ट्रैफिक डीएसपी गुरजीत सिंह से चर्चा करते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने कहा है।

वोरा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बीते एक हफ्ते में 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जो चिंता का विषय है। यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के इंतजाम तत्काल किये जाने चाहिए। वोरा ने कहा कि पिछले दो दशकों में शहर की आबादी बढ़ने के साथ ही वाहनों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। इस अनुपात में यातायात की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के इंतजाम पर व्यापक स्तर पर ध्यान देना आवश्यक है। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए व्यापक स्तर पर बारीकी से समीक्षा करना जरूरी है। बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था के साथ ही हादसे रोकने के लिए शहर की प्रमुख सड़कों पर जरूरी इंतजाम किया जाना चाहिए।
वोरा ने कहा कि प्रमुख सड़कों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था करना जरूरी है। पिछले एक साल से ज्यादा समय से जीई रोड पर अंधेरा है। जीई रोड पर 12 करोड़ की लागत से प्रकाश व्यवस्था का काम तत्काल तेजी से किया जाना चाहिए। इसके अलावा सभी प्रमुख सड़कों पर रेडियम संकेतक लगाने का काम होना चाहिए, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके। अनियमित और बेतरतीबी से लगे होर्डिंग को स्थायी रूप से हटाने की कार्रवाई होना चाहिए। सड़कों पर गड्ढे की तत्काल फिलिंग कराई जानी चाहिए, ताकि हादसे न हों। इसके अलावा सड़कों पर आवारा मवेशियों के कारण भी हादसे होते हैं। हादसे रोकने के लिए हरसंभव उपाय तत्काल किये जाने चाहिए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal