- छत्तीसगढ़ के कण-कण में बसें हैं प्रभु राम : वोरा
- मानसगान की प्रस्तुति से गंज मंडी में बिखरी भक्ति की छटा
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग/ आज गंजमंडी में मानस गान प्रतियोगिता की भव्य शुरूआत हुई, जिसमें वक्रतुंड मानस परिवार विनायकपुर विकासखंड जनपद पंचायत दुर्ग ने कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए शानदार प्रस्तुति दी। इनके अलावा नूतन मानस मंडली धौंराभाठा पाटन, जय शीतला मानस मंडली कंडरका धमधा ने भी अपनी संगीत मय प्रस्तुति से उपस्थितजनों के बीच समां बांधा। जिला स्तर में चयनित तीनों मानस मंडली द्वारा संगीतमय राम कथा का वाचन किया गया जिससे कार्यक्रम स्थल का माहौल भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी कैसे भारतीय संस्कृति के अनुरूप आचरण करें यह रामचरित मानस में वर्णित है। भगवान राम के आदर्शो, मान्यताओं और मर्यादाओं की रक्षा के लिए राज्य शासन ने सराहनीय पहल की है। छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और धरोहर को आगे बढ़ाने के लिए राज्य शासन प्रयास कर रही है। छत्तीसगढ़ में भगवान राम ने अपने वनवास के दौरान लगभग 10 वर्ष गुजारे थे। छत्तीसगढ़ शासन राम वन गमन पथ के माध्यम से इन सभी स्थानों को जोड़ने का प्रयास कर रही है, जिसके लिए 9 स्थानों को चिन्हित किया गया है। इसमें शिवरीनारायण में परियोजना कार्य पूर्ण हो चुका है और अन्य परियोजना को भी शीघ्र पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के चेयरमेन अरुण वोरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कण कण में भगवान राम हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य की संस्कृति को बढ़ावा देने का कार्य किया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा विकासखंड स्तर पर मानस गान प्रतियोगिता आयोजित की गई, इसके बाद आज जिला स्तरीय मानस गान प्रतियोगिता हो रही है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता मानस मंडली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे। इस तरह के आयोजनों से राज्य सरकार ने प्रदेश की धार्मिक-सांस्कृतिक धरोहर के संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत दुर्ग की अध्यक्ष शालिनी रिवेंद्र यादव, महापौर धीरज बाकलीवाल और जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू, कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन, दुर्ग एसडीएम विनय पोयाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
