- रेल मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, समता एक्सप्रेस, सिकंदराबाद-रायपुर-सिकंदराबाद ट्रेन को बहाल करने का आदेश
- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केन्द्रीय रेल मंत्री से ट्रेनों की बहाली को लेकर की थी बात : कुछ घंटे में ही रेल मंत्रालय ने फैसला किया
- कांग्रेस ने सभी यात्री ट्रेनों को प्रारंभ करने की मांग दोहराई
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर रेल मंत्रालय ने 26 अप्रैल को ही छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 6 महत्वपूर्ण यात्री ट्रेनों के परिचालन को बहाल करने का आदेश जारी कर दिया। मुख्यमंत्री ने 23 ट्रेनों को एक माह के लिए बंद करने के रेल मंत्रालय के आदेश पर कड़ा विरोध जताया था। उन्होंने रेल मंत्री से भी चर्चा की थी। इस संबंध में कांग्रेस नेताओं ने सीधी चेतावनी देते हुए रेलवे के उच्चाधिकारियों से साफ कह दिया था कि अगर यात्री ट्रेनों को चालू नहीं किया गया तो पूरे देश में छत्तीसगढ़ से कोयले की आपूर्ति ठप कर दी जाएगी।
सीएम के कड़े रुख और सीधी चेतावनी के बाद हड़बड़ाए रेल प्रशासन ने तत्काल छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, समता एक्सप्रेस और सिकंदराबाद-रायपुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस का परिचालन जारी करने के आदेश दे दिये। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली सभी महत्वपूर्ण यात्री ट्रेनों को यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर ट्रेनों को बंद न करने के संबंध में 26 अप्रैल को ही केन्द्रीय रेल मंत्री से बात की थी।
विवाद की शुरूआत तब हुई जब प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक दक्षिण पूर्व मध्य रेल्वे बिलासपुर द्वारा 23 अप्रैल को एक आदेश जारी कर छत्तीसगढ़ से गुजरने वाले कुल 23 एक्सप्रेस और लोकल ट्रेनों का परिचालन 24 अप्रैल 2022 से आगामी एक माह के लिए बंद कर दिया गया था। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रेल्वे द्वारा जारी आदेश को लेकर कड़ी आपत्ति जताई थी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर अपर मुख्य सचिव द्वारा रेल्वे बोर्ड के अध्यक्ष व मुख्य कार्यकारी अधिकारी को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली ट्रेनों का परिचालन यथावत् जारी रखने का आग्रह किया गया था।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्रेनों के परिचालन को अचानक एक माह के लिए बिना किसी वैकिल्पक व्यवस्था के बंद किए जाने से यात्रियों को होने वाली परेशानी को लेकर केन्द्रीय रेल मंत्री से आज चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री से चर्चा के दौरान कहा कि छत्तीसगढ़ के हजारों यात्री प्रतिदिन ट्रेनों से यात्रा कर अपने गंतव्य स्थल तक पहुंचते हैं। ट्रेनों का परिचालन बंद किए जाने से यात्रियों को आवागमन में काफी असुविधा होगी।
मुख्यमंत्री की बातों से सहमत होते हुए केन्द्रीय रेल मंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य से गुजरने वाली 6 प्रमुख यात्री ट्रेनों जिसमें 18237/18238 कोरबा-अमृतसर-कोरबा (छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस), 12807/12808 विशाखापटनम्-निजामुद्दीन-विशाखापटनम् (समता एक्सप्रेस) और 12771/12772 सिकंदराबाद-रायपुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस शामिल है, के परिचालन को बहाल करने का आदेश कल 26 अप्रैल को ही देर शाम को जारी किया गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
