- किसानों को उन्नत बीज, पौध सामग्री एवं कृषि यंत्रों का वितरण करेंगे
- कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण भी करेंगे
द सीजी न्यूज
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग, बीज निगम अन्य विभागों एवं संस्थाओं के सहयोग से छत्तीसगढ़ के प्रमुख त्यौहार अक्षय तृतीया के अवसर पर 3 मई को ‘‘अक्ती तिहार एवं माटी पूजन दिवस’’ व्यापक रूप से मनाया जाएगा। इस दिन विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित समस्त महाविद्यालयों, अनुसंधान केन्द्रों और कृषि विज्ञान केन्द्रों सहित लगभग 60 स्थानों पर अक्ती तिहार कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कृषि महाविद्यालय रायपुर में आयोजित ‘‘अक्ती तिहार एवं माटी पूजन दिवस’’ के राज्य स्तरीय समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे और कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे करेंगे।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगरीय प्रशासन, श्रम मंत्री शिव डहरिया, संसदीय सचिव गृह विकास उपाध्याय, विधायक धनेन्द्र साहू, सत्यनारायण शर्मा, कुलदीप जुनेजा व अनिता योगेन्द्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष डोमेश्वरी वर्मा, मुख्यमंत्री के कृषि सलाहकार प्रदीप शर्मा, बीज निगम के अध्यक्ष अग्नि चन्द्राकर, कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष रामकुमार पटेल, कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. कमलप्रीत सिंह, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल, संचालक कृषि यशवंत कुमार, छत्तीसगढ़ गोधन न्याय योजना के मिशन संचालक फकीर अयाज तंबोली और उद्यानिकी विभाग के संचालक मातेश्वर एम. शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में 6.23 करोड़ रुपये की लागत से स्वामी विवेकानंद कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय तथा अनुसंधान संस्थान के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी करेंगे। इस महाविद्यालय भवन में स्नातक, स्नातकोत्तर और पी.एच.डी. स्तर की कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। यहां वर्चुअल क्लासरूम की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जहां देश-विदेश के प्रख्यात वैज्ञानिक सीधे छात्रों से जुड सकेंगे तथा उन्हें विषय वस्तु की जानकारी दे सकेंगे।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा आयोजित अक्ती तिहार एवं माटी पूजन दिवस में कृषकों, गौठान समितियों और स्व-सहायता समूहों के सदस्यों को फल-फूल व सब्जी फसलों की पौध सामग्री का वितरण किया जाएगा। बीजों के साथ ही तकनीकी जानकारी भी मुद्रित रूप में उपलब्ध कराई जाएगी। कृषकों, गौठान समितियों और स्व-समूहों के सदस्यों को महाविद्यालयों, अनुसंधान केन्द्रों व कृषि विज्ञान केन्द्रों में आमंत्रित कर उन्हें नवीन बीजों एवं कृषि तकनीकों के बारे में जानकारी और प्रशिक्षण दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ बायोइन्क्यूबेशन प्रमोशन सोसायटी और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 15 हजार लीटर बायोफर्टिलाइजर का वितरण गौठानों में तैयार वर्मी कम्पोस्ट को समृद्ध बनाने हेतु किया जाएगा। कम्पोस्ट एनरिचमैन्ट हेतु विषय वस्तु विशेषज्ञों द्वारा गौठान समितियों के सदस्यों को आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
