- बिजली भुगतान न होने पर कनेक्शन काटे जाने का संदेश भेजकर उपभोक्ताओं को कर रहे भ्रमित
द सीजी न्यूज
दुर्ग /छ्त्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने अपने उपभोक्ताओं को सायबर ठगों से सावधान रहने की सलाह दी है। कहा गया है कि बिजली बिल भुगतान न होने पर कनेक्शन काटे जाने संबंधी सूचना मोबाइल पर एसएमएस भेजकर सायबर ठग उपभोक्ताओं को भ्रमित कर अपना शिकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्य अभियंता एम.जामुलकर ने बताया कि कंपनी के संज्ञान में आया है कि उपभोक्ताओं को अनाधिकृत लोगों द्वारा बिजली बिल न पटाने पर लाइन कटने का एसएमएस भेजकर धोखाधड़ी करने की कोशिश की जा रही है। ऐसे अनाधिकृत एसएमएस की पहचान कर सतर्क रहे। इनके लिंक पर क्लिक न करें। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा बिजली उपभोक्ताओं को सूचनार्थ भेजे जाने वाले अधिकृत एसएमएस हमेशा CSPDCL सेन्डर आई डी के साथ रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ही भेजे जाते हैं।

जामुलकर ने बताया कि कंपनी की सूचना प्रौद्योगिकी सेल के संज्ञान में आया है कि अनाधिकृत लोगों द्वारा स्पैम एस. एम. एस. भेजें जा रहे हैं। इसमें उपभोक्ता को सूचित किया जाता है कि उनका बिल भुगतान अपडेट नहीं हुआ है। इस संदेश में उपभोक्ता को एक मोबाइल नंबर पर संपर्क करने को कहा जाता है। इस मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर उपभोक्ता को प्ले स्टोर में जाकर एक मोबाइल ऐप डाउनलोड करने को कहा जाता है। मोबाइल एप को डाउनलोड करने पर उपभोक्ता का मोबाइल हैक हो सकता है और उसे आर्थिक नुकसान भी हो सकता है।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी अपने उपभोक्ताओं को इस प्रकार के एस एम एस नहीं भेजता है। कंपनी ने अपने सभी उपभोक्ताओं को ऐसे किसी भी अनधिकृत एस. एम. एस. को नज़र अंदाज़ करने की सलाह दी है। इसके अलावा गूगल प्ले स्टोर और ऐप स्टोर में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के अकाउंट पर उपलब्ध CSPDCL Mor Bijli App के अलावा किसी अन्य ऐप को डाउनलोड न करें। इसके अलावा कंपनी के टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर अपने संदेह का समाधान कर सकते हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal