द सीजी न्यूज
पंजाब / पूरे राज्य की खुफिया जानकारियां जुटाने का जिम्मा जिस इंटेलिजेंस विंग पर है, उसके हेडक्वार्टर पर रॉकेट से हमला हो गया। इंटेलिजेंस विंग का हेडक्वार्टर मोहाली में है। फिलहाल शहर को पूरी तरह सील कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार मोहाली में पुलिस के इंटेलिजेंस विंग के हेडक्वार्टर में देर रात रॉकेट से हमला हुआ। यह अटैक रॉकेट से दूसरी मंजिल पर किया गया। इसमें कोई घायल नहीं हुआ। केवल बिल्डिंग के कांच टूटे हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने डीजीपी वीके भावरा से मामले की रिपोर्ट मांगी है। पुलिस ने पूरा इलाका घेर लिया। मोहाली एसपी रविंदर सिंह संधू ने बताया कि ये माइनर ब्लास्ट था। आगे की जांच चल रही है।
हमले ने भगवंत मान सरकार को हिलाकर रख दिया
बिगड़ती कानून व्यवस्था और पाकिस्तान से ड्रोन आने की घटनाओं के बाद पंजाब पुलिस के खुफिया विभाग पर हुए इस हमले ने राज्य सरकार को हिला कर रख दिया है। इसमें आतंकी कनेक्शन होने की संभावना ने पुलिस के साथ ही मोहाली व चंडीगढ़ के लोगों की नींद उड़ा दी है। इस हमले से बड़े खतरे का अंदेशा भी है। राजनीतिक दलों के नेताओं ने इस पर चिंता जताई है और भगवंत मान सरकार को खतरे के प्रति चेताया है।
पिछले कुछ दिनों से पंजाब में आतंकियों के पकड़े जाने और विस्फोटक व हथियार मिल रहे थे। इसके बावजूद पंजाब पुलिस के इंटेजिलेंस हेडक्वार्टर पर इस तरह का हमला सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल उठाता है। पंजाब पुलिस भले ही आधिकारिक रूप से इसे माइनर विस्फोट बता रही हो, लेकिन यह तथ्य है कि मोहाली के सेक्टर-77 के खु्फिया विभाग के जिस मुख्यालय में हमला हुआ है, वहां से सारी खुफिया जानकारी एकत्र की जाती है। यहीं से न केवल राज्य, बल्कि केंद्र सरकार और केंद्रीय खुफिया एजेंसी को भी जानकारियां भेजी जाती हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

