द सीजी न्यूज
दुर्ग / जनदर्शन में आज पीपरछेड़ी से आए एक आवेदक ने शिकायत प्रस्तुत करते हुए कहा कि शिवनाथ नदी में होने वाले अवैध रेत खनन से नदी का कटाव बढ़ रहा है। उसका गांव शिवनाथ नदी के किनारे बसा है। रेत खनन माफिया के द्वारा चौबीसों घंटे मशीन से रेत खनन किया जा रहा है। भविष्य में गांव का डुबान निश्चित है। समय-समय पर खेत की फसलों पर भी इसका असर दिखाई पड़ता है और भविष्य में जन धन की हानि हो सकती है।
आवेदक ने बताया कि इससे ग्राम पीपरछेड़ी के अलावा कोटनी व नगपुरा गांव पर भी असर पड़ेगा। आवेदक ने कलेक्टर से अपील करते हुए कहा कि खनन माफिया पर लगाम कसा जाए। रेत खनन करने वाले लाइसेंसी ठेकेदार भी नियमानुसार ही रेत खनन करें। ऐसी प्रक्रिया सुनिश्चित न होने पर सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि बाढ़ की चपेट में आ सकती है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को आवेदन प्रेषित करते हुए उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं।
जनदर्शन में अतिक्रमण से संबंधित कुछ मामलों की शिकायत की गई। जुनवानी वार्ड क्रमांक 1 से मिले आवेदन में बताया गया कि सूर्या माल के बाजू रोड पर अतिक्रमण कर गैरेज का निर्माण किया गया है। पूर्व में भी कब्जा किया गया था, जिसकी शिकायत जन चौपाल में की गई थी। इस पर कार्यवाही करते हुए नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाया गया लेकिन कब्जा धारी द्वारा पुनः सड़क पर कब्जा कर गैरेज बना लिया गया है। आवेदक ने कलेक्टर से अतिक्रमण हटाने की अपील की। कलेक्टर ने आवेदन को संबंधित अधिकारी को प्रेषित किया।
जन चौपाल में स्पीड ब्रेकर को लेकर आवेदन देते हुए बताया गया कि पोटिया कला के वार्ड क्रमांक 54 में कुछ रोड हमेशा यातायात की दृष्टि से सक्रिय रहते हैं। रोड में ब्रेकर न होने की वजह से गाड़ी चालक तेज गति से गाड़ी चलाते हैं। दुर्घटना की संभावना रहती है। कलेक्टर ने आवेदन संबंधित अधिकारी को प्रेषित किया है। आज जनदर्शन में 33 आवेदन प्राप्त हुए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

