- सभी विभागों की समीक्षा की, जिन विभागों ने अच्छा कार्य किया, उनकी प्रशंसा की
द सीजी न्यूज
दुर्ग / प्रभारी सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेसी ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में दुर्ग जिले में सभी विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि संवेदनशीलता के साथ लोगों की समस्याएं सुनी जाएं और उन्हें हल करने के लिए प्रभावी कार्रवाई किया जाए। नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों में किसी तरह की देर नहीं होना चाहिए। बैठक में संभागायुक्त महादेव कांवरे और कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे व एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव भी मौजूद रहे।
प्रभारी सचिव ने कहा कि एनएच दुर्ग-भिलाई और रायपुर की जीवनरेखा है। पिछली बरसात में नागरिकों को इसमें समस्याएं आई थीं जिसके प्रभावी निराकरण के लिए त्वरित कार्रवाई की गई थी। इस बार सुनिश्चित करें कि बरसात में किसी तरह की दिक्कत न हो। तेजी से दी गई समयसीमा पर ओवरब्रिज का काम पूरा करें। एनएच में ऐसे स्पाट्स जहां दुर्घटना होने की आशंका है, वहां ड्रेन की व्यवस्था करें ताकि बरसात में जलभराव की वजह से दुर्घटना न हो। इसके साथ ही उन्होंने टाटीबंध के आगे गड्ढों की मरम्मत के निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि धमधा-दुर्ग सहित अन्य सड़कों पर जहां रिपेयर की जरूरत है उसका काम शुरू करा दें। कहीं भी ब्लाइंड्स स्पाट्स न हो।
टैंकर मुक्त शहरों के लिए करें काम – प्रभारी सचिव ने पेयजल की स्थिति की समीक्षा भी की। अधिकारियों ने बताया कि इस साल पेयजल की समस्या पर काफी कुछ नियंत्रण किया जा चुका है। प्रभारी सचिव ने कहा कि हमारा लक्ष्य पूरी तरह से टैंकर मुक्त शहर है और इस दिशा में कार्य किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी जलजीवन मिशन के कार्यों को तेजी से पूरा करें। उन्होंने रनिंग वाटर की स्कूलों आदि में अच्छी व्यवस्था के लिए अधिकारियों की प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री मितान योजना सबसे अहम – प्रभारी सचिव ने कहा कि शासन ने मुख्यमंत्री मितान योजना के माध्यम से 13 सेवाओं की घर पहुंच सेवा सुनिश्चित की है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर नजर रखें। कभी मितान बन खुद भी जाएं। नागरिक सेवाओं में किस तरह डिजिटलाइजेशन उपयोगी हो सकता है। इस पर भी ध्यान दें। उन्होंने स्कूलों में जाति प्रमाण पत्र वितरण आदि की व्यवस्था की भी नियमित मानिटरिंग करने कहा।
बैठक में संभागायुक्त श्री महादेव कांवरे ने कहा कि एसडीएम यह सुनिश्चित करें कि राजस्व न्यायालयों में किसी भी तरह से कोई प्रकरण अपंजीकृत न हो। सभी प्रकरण तय समयसीमा में हों। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने कहा कि जनदर्शन के प्रकरणों का प्रभावी निपटारा प्राथमिकता से करें।
कान्हा और ताड़ोबा की तरह स्थानीय युवक गाइड के रूप में होंगे प्रशिक्षित, बेलौदी में दिये जाएंगे बायनाकुलर
बेलौदी में पक्षी विचरण परिक्षेत्र के संबंध में भी बैठक में चर्चा हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि यहां पर वाच टावर बनाए जाएंगे और बायनाकुलर रखे जाएंगे। ताड़ोबा और कान्हा की तरह यहां भी स्थानीय युवकों को गाइड की तरह से प्रशिक्षित किया जाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal



