Breaking News

गौरवपथ को लेकर भाजपा नेताओं की बयानबाजी पर बिफरे विधायक : महापौर, लोक कर्म प्रभारी ने गिनाई भाजपा शासनकाल की नाकामियां

  • दुर्ग में करोड़ों की विकास योजनाओं से भाजपा नेताओं के पेट में होने लगा दर्द – वोरा
  • भाजपा परिषद के कार्यकाल में 20 साल तक अंधाधुंध पेड़ों की कटाई हुई, पर्यावरण संरक्षण का ज्ञान न बांटे भाजपा नेता : महापौर
  • दुर्ग शहरवासियों को भाजपा शासनकाल में चौपट योजनाओं के सिवा कुछ नहीं मिला – गनी

द सीजी न्यूज 

वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने दुर्ग शहर में विकास योजनाओं को लेकर भाजपा नेताओं की बयानबाजी पर करारा प्रहार करते हुए कहा है कि 20 साल तक नगर निगम और 15 साल तक राज्य की सत्ता में काबिज भाजपा के कार्यकाल में दुर्ग का विकास पूरी तरह ठप रहा। आज जब करोड़ों रुपए की लागत से कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट दुर्ग शहर में शुरू हो चुके हैं, तब भाजपा द्वारा विकास योजनाओं का विरोध किया जा रहा है। वोरा ने सवाल किया कि दुर्ग के विकास से आखिर भाजपा नेताओं के पेट में इतना दर्द क्यों हो रहा है?

वोरा ने कहा कि उन्होंने दुर्ग की जनता को हमेशा अपना परिवार माना है। पिछले 50 साल से दुर्गवासियों का प्रेम और आशीर्वाद वोरा परिवार को मिलता रहा है। इसी प्रेम और आत्मीयता की ताकत से वोरा परिवार ने दुर्ग के विकास को सर्वोच्च महत्व दिया है। वोरा ने जोर देकर कहा कि विकास कार्यों की लोकार्पण पटिटका पर नाम लिखाने की बजाय वे दुर्ग की जनता के दिलों में स्थान बनाए रखने में विश्वास रखते हैं।

वोरा ने कहा कि भाजपा नेता यह अच्छी तरह समझ लें कि उनके झूठे और अनर्गल बयानों से दुर्ग की जनता गुमराह नहीं होगी। भाजपा नेताओं ने 20 साल तक दुर्ग शहर को क्लीन-ग्रीन सिटी बनाने का केवल सपना दिखाया, काम धेले भर का नहीं किया। शहर का विकास पूरी तरह ठप रहा।  

वोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में पिछले साढ़े तीन साल से दुर्ग शहर में नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखकर महत्वपूर्ण विकास योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। 15 करोड़ की लागत से ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट योजना, 30 करोड़ की लागत से शिवनाथ नदी तट पर लक्ष्मण झूला व गार्डन निर्माण, 64 करोड़ की लागत से जीई रोड के उन्नयन और सौंदर्यीकरण कार्य, 12 करोड़ की लागत से जीई मार्ग में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, 10 करोड़ की लागत से बोरसी रुआंबांधा रोड उन्नयन,  पुलगांव नाला डायवर्सन, सिविल लाइन हॉकी ग्राउंड में एस्ट्रो टर्फ, गौरवपथ उन्नयन और सौंदर्यीकरण जैसी बड़ी योजनाओं का क्रियान्वयन तेजी से किया जा रहा है। कांग्रेस शासनकाल में दुर्ग में विकास की गति इसी तरह आगे भी लगातार कायम रहेगी। बेहतर होगा कि भाजपा नेता विकास में रोड़े न अटकाएं बल्कि सहयोग दें

भाजपा की परिषद में शहर में काटे गए बेशुमार पेड़ : पर्यावरण संरक्षण का ज्ञान न बांटे भाजपा नेता – महापौर 

महापौर धीरज बाकलीवाल ने भाजपा नेताओं को नसीहत देते हुए कहा है कि विकास के नाम पर राजनीति न करें। शहर की जनता के हित में योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। भाजपा की पिछली परिषदों के कार्यकाल में बेशुमार पेड़ों को काटा गया। बेहतर होगा कि वे पर्यावरण का ज्ञान न बांटे। गौरव पथ के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का काम योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा है। ज्यादा से ज्यादा पेड़ों को बचाते हुए कार्य कराया जाएगा। पेड़ों को शिफ्ट करने का काम भी किया जाएगा।

भाजपा शासनकाल में बनी योजनाएं चौपट हो गई : गनी

निगम के लोक कर्म प्रभारी अब्दुल गनी ने कहा कि नगर निगम में भाजपा परिषद के कार्यकाल में गौरवपथ, फुटपाथ योजना सहित अन्य कार्यों के लिए नीम, पीपल जैसे पेड़ों की अंधाधुंध कटाई कर दी गई। आज जब योजनाबद्ध तरीके से गौरवपथ का उन्नयन और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है, तब भाजपा पार्षद व संगठन नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। भाजपा नेता बताएं कि नगर निगम में 20 साल तक सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा के पूर्व महापौरों ने शहरवासियों को चौपट योजनाओं के सिवा क्या दिया है? चौपाटी, पुष्पवाटिका, फुटपाथ योजना सहित विभिन्न स्थानों पर बनाए गए कॉम्पलेक्स पूरी तरह फ्लाप योजनाएं हैं। भाजपा परिषद के कार्यकाल में इन फ्लाप योजनाओं और भ्रष्टाचार के सिवा कुछ नहीं किया गया।

Check Also

आस्था वृद्धाश्रम में नवनिर्मित कार्यालय, पुस्तकालय-भोजनालय का सांसद विजय बघेल ने किया लोकार्पण

THE CG NEWS कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल एवं विशिष्ट अतिथि …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!