दुर्ग पुलिस ने जीडी आरक्षक भर्ती परीक्षा में आवेदकों से पांच लाख रुपए लेकर भर्ती कराने का ठेका लेने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने जिस गिरोह को पकड़ा है, उसके सदस्य जीडी आरक्षक भर्ती प्रक्रिया के दौरान अलग-अलग-स्टेज में दूसरे युवकों को खड़ा कर देते थे। लिखित परीक्षा से लेकर शारीरिक क्षमता की जांच परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी के स्थान पर अलग-अलग लोग शामिल होकर परीक्षा पास कराने का गोरखधंधा कर रहे थे।
बुधवार को सीआईएसएफ थर्ड रेसिडेंस उतई में बायोमेट्र्रिक टेस्ट के दौरान ऐसे 6 युवकों को पकड़ा गया। सभी युवकों को उतई पुलिस के हवाले कर दिया गया है। इनके सरगना की तलाश की जा रही है। दुर्ग पुलिस ने इससे पहले 2019 में ऐसे 35 फर्जी अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया था। दुर्ग एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने गुरुवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 18 मई को उतई स्थित सीआईएसएफ के थर्ड प्रेसिडेंट में अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक टेस्ट के दौरान एक युवक के फिंगरप्रिंट आरआरसी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा भेजे गए प्रिंट में फोटो से मेल नहीं खा रहे थे।
अभ्यर्थी से पूछताछ करने पर पूरे फर्जीवाड़े का पता चला। एक-एक कर पांच और युवक फर्जी निकले। उतई पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कर सभी फर्जी अभ्यर्थियों को पुलिस के हवाले किया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस पूछताछ में फर्जी अभ्यर्थियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए।
आरोपियों से एक दुर्गेश सिंह तोमर निवासी मुरैना मध्य प्रदेश ने बताया कि सीआईएसफ में भर्ती कराने के लिए एक-एक युवक से 5 लाख रुपए लिये जाते हैं। इसके बाद फर्जी दस्तावेज तैयार कर परीक्षा के अलग-अलग कैटेगरी में अलग-अलग युवाओं को भेजा जाता है। आरोपियों के पास से फर्जी आधार कार्ड व फर्जी निवासी प्रमाण पत्र भी बरामद किया गया।
आरोपियों ने ने छत्तीसगढ़ का स्थायी निवासी प्रमाण पत्र बना रखा था और यहीं का आधार कार्ड भी बनवाया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी दुर्गेश सिंह तोमर सहित आगरा निवासी चंद्रशेखर श्यामवीर सिंह, महेंद्र सिंह, अजीत सिंह व हरिओम को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ धारा 419, 420, 467, 468, 120 बी के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एएसपी ग्रामीण अनंत साहू, एसडीओपी पाटन देवांश सिंह, उतई थाना प्रभारी नवी मोनिका पांडे भी मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
