- कनेक्शन काटने का संदेश भेजकर उपभोक्ताओं को कर रहे भ्रमित
द सीजी न्यूज
बेमेतरा / छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने बिजली उपभोक्ताओं को फर्जी एसएमएस करने वाले साइबर ठगों से सावधान रहने की अपील की है। उपभोक्ताओं के मोबाइल पर फेक एसएमएस भेजे जा रहे हैं, जिसमें बिजली बिल भुगतान न होने पर कनेक्शन काटने का संदेश भेजा जा रहा है। संदेश देकर कहा जा रहा है कि बिजली कनेक्शन कटने से बचने के लिए मोबाइल नंबर पर संपर्क करें। इस नंबर पर फोन करने पर साइबर ठग बिजली कनेक्शन कटने का झांसा देते हैं।

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने अपने उपभोक्ताओं को एसएमएस के जरिए हो रही साइबर ठगी से सावधान रहने को कहा है। कंपनी कभी भी अपने उपभोक्ताओं को 10 अकों के मोबाइल नंबर से कोई मैसेज नहीं भेजती है और न ही 10 अंकों के मोबाइल नंबर पर किसी तरह का भुगतान स्वीकार किया जाता है। बिजली कंपनी कभी भी किसी लिंक को क्लिक करने के लिए नहीं कहती है। ‘मोर बिजली ऐप’ के अलावा किसी ऐप को डाउनलोड करने या उपयोग करने को भी नहीं कहा जाता है।
साइबर ठग उपभोक्ता नंबर के बजाय उपभोक्ता का मोबाइल नंबर मांगते हैं और भुगतान संबंधी जानकारी देने की बात कहते हैं। साइबर ठगों द्वारा प्ले स्टोर में जाकर एप को डाउनलोड करने कहा जाता हैं, इस एप से उपभोक्ता धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं। उपभोक्ताओं से आग्रह किया गया है कि बिजली संबंधी सभी भुगतान विद्युत वितरण कंपनी के काउंटरों, एटीपी सेंटरों, मोर बिजली ऐप, कंपनी की वेबसाइट सीएसपीसीडॉडसीओडॉडइन अथवा सीएससी या वेतन बिंदु के अधिकृत आउटलेट्स पर ही करें।
इनके अलावा किसी दूसरे माध्यम से किसी भी तरह का भुगतान न करने की अपील की गई है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा बिजली उपभोक्ताओं को सूचनार्थ भेजे जाने वाले अधिकृत एसएमएस हमेशा सीएसपीडीसीएल सेन्डर आई डी के साथ भेजे जाते हैं। इसके अलावा कंपनी ने अपने सभी उपभोक्ताओं को ऐसे किसी भी अनाधिकृत एस. एम. एस. को नज़र अंदाज़ करने की सलाह दी है। कंपनी के टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर अपने संदेहों का समाधान कर सकते हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
