- निष्पक्ष व पारदर्शी प्रवेश प्रक्रिया, जांच में तमाम आरोप पाए गए निराधार
- सर्वेश्वर दास नगर पालिक निगम उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, राजनांदगांव का मामला
द सीजी न्यूज
राजनांदगांव / राजनांदगांव जिला मुख्यालय में स्थित सर्वेश्वर दास नगर पालिक निगम उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय ( स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल ) राजनांदगांव में कक्षा पहली में प्रवेश की पूरी प्रक्रिया निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ की गई है। लाटरी के पूर्व पालकों को आवेदन निरस्त होने के कारणों की जानकारी दे दी गई थी।
इससे पहले स्कूल प्रबंधन पर यह आरोप लगे थे कि कक्षा पहली में 567 बच्चों के आवेदन अकारण निरस्त कर दिए गए हैं और पालकों को धोखे में रखते हुए उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। शिकायत पर कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के निर्देश पर जिला मिशन समन्वयक रश्मि सिंह को पूरे मामले की सूक्ष्म जांच कर रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिये गए। जांच से यह स्पष्ट हुआ कि स्कूल के प्राचार्य पर लगाए गए तमाम आरोप बेबुनियाद व निराधार है।
प्रवेश की प्रक्रिया में कोई भी गड़बड़ी सामने नहीं आई। कुल आवेदनों की संख्या 1083 थी। परीक्षण के बाद 516 आवेदन सही पाए गए और 567 आवेदनों को निरस्त किया गया। आवेदन निरस्त होने के कारणों में निर्धारित उम्र, एक ही आवेदक द्वारा कई बार आवेदन, आवेदक द्वारा ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों प्रकार के आवेदन, ऑफलाइन आवेदन लेने के बाद ऑनलाइन आवेदन करना शामिल है। निरस्त किए गए आवेदन कारण सहित संस्था में उपलब्ध है। कोई भी पालक कार्यालयीन समय में इस संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकता है। लॉटरी के पूर्व प्राचार्य द्वारा पालकों को निरस्त किए गए आवेदनों के कारण और उनकी संख्या बता दी गई थी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal