- जनहित आधारित आवेदन के साथ-साथ, लोगों की हर बुनियादी सुविधाओं को दी गई प्राथमिकता
शिविर में वैक्सीनेशन और आधार अपडेट जैसी सुविधा भी उपलब्ध थी
द सीजी न्यूज
दुर्ग। अमलेश्वर में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में 21 विभागों के अफसरों ने लोगों की समस्याओं के शत प्रतिशत निराकरण का प्रयास किया। शिविर में कुल 386 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें 370 आवेदन मांग पर आधारित, 8 आवेदन शिकायत के मिले। 12 मांगों का त्वरित निराकरण किया गया। 366 मांगों और 9 शिकायतों के आवेदन लंबित हैं। एक आवेदक ने एटीपी मशीन की मांग नगर पंचायत में की, ताकि यहां के लोग बिजली बिल का भुगतान सरल एवं सुगम तरीके से कर सकें।
कई लोगों ने पानी और बिजली संबंधित बुनियादी समस्याओं के लिए भी आवेदन किए, जिसका निराकरण संबंधित विभाग द्वारा किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे भी उपस्थित थे। उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुनने के बाद संबंधित विभाग को आवेदन प्रेषित करते हुए अधिकारियों को आवेदनों का त्वरित निराकरण करने कहा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सुपुत्र चैतन्य बघेल, मुख्यमंत्री के ओएसडी आशीष वर्मा, एसडीएम विपुल गुप्ता और अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित थे।
शिविर में वैक्सीनेशन कैंप का आयोजन भी किया गया, जिसमें कुल 30 लोगों ने कोविड-19 वैक्सीनेशन कराया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्टाल लगाकर बीमारियों के लिए दवाइयां और चिकित्सा परामर्श मुहैया कराया गया। स्वास्थ्य सेवा के अंतर्गत कुल 175 लोगों ने जांच करवाई। शिविर में 17 बालिकाओं को मुख्यमंत्री नोनी सुरक्षा योजना के तहत श्रम विभाग द्वारा 20,000 रुपए के चेक प्रदान किये गए।
कृषि विभाग से 5 कृषक हितग्राहियों को बैटरी चलित स्प्रिंकल भी प्रदान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 4 बच्चों का अन्नप्राशन और 6 महिलाओं की गोद भराई व एक हितग्राही को जननी सुरक्षा योजना के तहत 20 हजार का चेक प्रदान किया गया। शिविर में 5 हितग्राहियों को बीपीएल राशन कार्ड भी दिया गया।

वर्तमान में आधार कार्ड के महत्व को समझते हुए, इसके पंजीयन एवं सुधार कार्य के लिए एक अलग सेक्शन रखा गया था जिसमें कुल 45 लोगों ने इसका लाभ उठाया। शिविर में आने वाले सभी लोगों को विभागों के द्वारा शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी मुहैया कराई गई।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal


