द सीजी न्यूज 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि गोधन न्याय योजना पूरे राज्य की समृद्धि के नये रास्ते खोल रही है। यह योजना हमारे गांवों में खुशहाली लेकर आई है। इस योजना को और ज्यादा ताकत के साथ आगे बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने आज कांकेर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों के खाते में कुल 15 करोड़ 37 लाख रुपए ट्रांसफर करते हुए कहा कि किसानों, आदिवासियों, मजदूरों और गरीबों को सीधे आर्थिक लाभ पहुंचाने वाली हमारी हर योजना की राशि का भुगतान हमने हमेशा समय पर किया है। कोरोना काल में भी  ये सिलसिला नहीं टूटा।


ट्रांसफर की गई राशि में 3 करोड़ 36 लाख रुपए गोबर खरीदी और 12 करोड़ 1 लाख रुपए गोठान समितियों और स्व सहायता समूहों के लाभांश की राशि शामिल है। इसमें से गौठान समितियों को 7.23 करोड़ और महिला समूहों को 4.78 करोड़ रुपए की लाभांश राशि का भुगतान किया गया। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कांकेर में महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया, संसदीय सचिव शिशुपाल सोरी, अंतागढ़ विधायक अनूप नाग, मुख्यमंत्री के सलाहकार राजेश तिवारी भी उपस्थित थे। कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. कमलप्रीत सिंह, गोधन न्याय मिशन के प्रबंध संचालक डॉ. फकीर अयाज भाई तम्बोली, कृषि विभाग के संचालक यशवंत कुमार, संचालक उद्यानिकी माथेश्वरन व्ही., संचालक पशुधन चंदन संजय त्रिपाठी कार्यक्रम से वर्चुअल रूप से जुड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना से ग्रामीणों की आय बढ़ने के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। माताओं-बहनों को नई आर्थिक ताकत मिली है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम से वर्चुअल रूप से जुड़े कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे से प्रदेश में रासायनिक खाद की आवश्यकता और आपूर्ति की जानकारी ली। कृषि मंत्री ने बताया कि प्रदेश में मांग के विरूद्ध मात्र 44 प्रतिशत रासायनिक उर्वरकों की आपूर्ति की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रासायनिक खाद की कम आपूर्ति को देखते हुए वर्मी खाद को बढ़ावा देने की जरूरत है। किसानों की मांग के अनुरूप उन्हें रासायनिक खाद उपलब्ध कराया जाए। यदि व्यवस्था नहीं होती है तो किसानों को वर्मी कम्पोस्ट उपलब्ध कराया जाए जिससे पैदावार प्रभावित न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साल 16 से 31 मई 2021 की अवधि में 63 लाख रुपए की गोबर खरीदी की गई थी। जबकि इस साल के मई माह की इसी अवधि के लिए गोबर क्रय के एवज में 3.36 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा रहा है। इस तरह इस अवधि में गोबर खरीदी की राशि में 425 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पिछले एक साल में लाभान्वित पशु पालकों की संख्या में 26 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। 31 मई 2021 तक लाभान्वित पशुपालकों की संख्या 1 लाख 68 हजार 531 थी, वहीं 31 मई 2022 की स्थिति में यह संख्या 2 लाख 11 हजार 540 हो चुकी है।
कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को हर 15 दिन में राशि के भुगतान का वादा पूरा कर रहे हैं। सरगुजा दौरे के समय 5 मई को उन्होंने राजपुर से और आज कांकेर से गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को राशि का भुगतान किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. कमलप्रीत सिंह ने गोधन न्याय योजना की अब तक की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।