द सीजी न्यूज
दुर्ग।लगातार तेज बारिश के कारण वार्डों में जलभराव के हालात को देखते हुए विधायक अरुण वोरा पांच घंटे तक शहर के प्रभावित इलाकों का दौरा करते रहे। रात साढ़े 10 बजे वोरा ने महावीर कालोनी, गंजपारा, पटरीपार सहित कई इलाकों का दौरा करने के बाद कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा को हालात की जानकारी दी। कलेक्ट्रेट के पीछे कालोनी में कमर तक पानी भरा होने सहित कई वार्डों में जलभराव की स्थिति जानने के बाद कलेक्टर खुद रात साढ़े 10 बजे जलभराव की समस्या देखने निकले।
इधर, वोरा ने अधिकारियों को पानी निकासी की व्यवस्था के लिए अतिरिक्त अमला लगाने कहा है। वोरा ने बताया कि लगातार बारिश के कारण वार्डों में पानी भरने की शिकायतें मिल रही हैं। कई घरों में पानी भर गया है। सड़कों पर पानी का तेज बहाव है। निगम अमला लगातार काम कर रहा है। इसके बावजूद तेज बारिश के कारण पानी निकासी की सारी व्यवस्थाएं ठप हो गई हैं।
कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा ने निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे से कहा है कि पानी निकासी की बेहतर व्यवस्थाएं की जाएं। रात भर निगम का अमला सतर्कता बरतते हुए पानी निकासी की व्यवस्था करे। उन्होंने सभी प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिये हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
