द सीजी न्यूज
दुर्ग । शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत पूर्वी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा आज आजादी की गौरव यात्रा का आयोजन किया। शहीद चौक से प्रारंभ की गई गौरव यात्रा में सर्वप्रथम हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद तिरंगा यात्रा शुरू हुई, जिसमें लोग जुड़ते गए। तिरंगा यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष स्व. वासुदेव चंद्राकर के निवास पहुंचे और उन्हें भावभीनी श्रध्दांजलि अर्पित की। इस मौके पर विधायक अरुण वोरा ने स्व वासुदेव चंद्राकर के पुत्र पूर्व साडाध्यक्ष लक्ष्मण चंद्राकर का सम्मान भी किया। गौरव यात्रा में महापौर धीरज बाकलीवाल, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल, पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष आरएन वर्मा, पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर, लक्ष्मण चंद्राकर, राजेश यादव, राजेंद्र साहू शामिल हुए।
यहां से तिरंगा यात्रा गुरुद्वारा पहुंची और प्रार्थना के बाद पदयात्रा में शामिल लोग सिंधी कालोनी होते हुए राजेंद्र चौक पहुंचे, जहां स्टेट वेयर हाऊसिंग कॉरपोरेशन के चेयरमेन अरुण वोरा सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। यात्रा के दौरान जगह-जगह तिरंगा यात्रा पर फूलों की बरसात की गई। मेनोनाइट चर्च में प्रार्थना के बाद हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना की गई। रिमझिम फुहारों के बीच पदयात्रा के दौरान डीजे की धुन पर लोग तिरंगा लहराते हुए वंदे मातरम, भारत माता की जय, महात्मा गांधी अमर रहे के जयघोष के साथ आगे बढ़ते रहें। यात्रा के दौरान लोग विधायक अरुण वोरा के साथ हाथों मे तिरंगा लेकर फोटो, सेल्फी भी लेते रहे।
इसके बाद तिरंगा यात्रा में शामिल कांग्रेस नेताओं ने हिंदी भवन के सामने महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सरदार पटेल चौक पर पहुंचकर लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद पुराना बस स्टैंड स्थित शिव मंदिर और बाबा अब्दुर्रहमान शाह काबुली रहमतुल्लाह अलैह की मजार पर चादर चढ़ाकर देश में अमन-शांति की दुआ की गई। इंदिरा मार्केट स्थित भारत की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके द्वारा किए गए कार्यों को याद किया गया। इंदिरा मार्केट से आजादी की तिरंगा यात्रा अग्रसेन चौक पहुंची, जहां लोगों ने भव्य स्वागत कर पुष्प वर्षा की। शहीद चौक में यात्रा का समापन किया गया।
स्टेट वेयर हाऊसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष, विधायक अरुण वोरा ने इस मौके पर कहा कि 75 सालों में देश ने बहुत तरक्की की। अंग्रेजों की गुलामी से आजादी पाने के बाद शुरूआती दिनों में देश को बहुत सी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सभी कठिनाइयों का सामना करते हुए भारत ने पूरी दुनिया में एक मुकाम हासिल किया है। आज भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखना जरूरी है। वोरा ने कहा कि आजादी की गौरव यात्रा उन महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को समर्पित है, जिन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर कर हमें आजादी दिलाई। अमर बलिदानियों ने जो त्याग और बलिदान किया, उसी के फलस्वरूप हम आजाद भारत मे सांस ले रहे हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

