- प्रेस क्लब राजनांदगांव के कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री
- बघेल ने प्रेस क्लब राजनांदगांव के विस्तारित भवन का लोकार्पण सहित 141 पत्रकारों को आवासीय भूमि के दस्तावेज का किया वितरण
द सीजी न्यूज

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजनांदगांव में पत्रकारों के लिए आबंटित आवासीय भूखंड में आवश्यक विकास कार्यों के लिए एक करोड़ 80 लाख रुपए की राशि प्रदाय करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने निवास कार्यालय में आज प्रेस क्लब राजनांदगांव द्वारा आयोजित कार्यक्रम में इस संबंध में घोषणा की। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब राजनांदगांव में 75 लाख रुपए की लागत से विस्तारित भवन का लोकार्पण भी किया। पत्रकार कॉलोनी निर्माण कार्य का भूमिपूजन करने के साथ ही राजनांदगांव के 141 पत्रकारों को आवासीय भूमि के दस्तावेज का वितरण भी किया। इधर, दुर्ग और भिलाई के पत्रकार मायूस भी हैं और आक्रोशित भी। उन्हें अभी तक जमीन नहीं मिली है।
दुर्ग भिलाई के पत्रकारों के साथ प्रशासन फाइल-फाइल का खेल कर रहा है। कुछ दिनों पहले खबर मिली कि गरीबों को मिलने वाले सस्ते आवासों का आवंटन पत्रकारों को किया जाएगा। इसे लेकर कई पत्रकारों ने विरोध भी किया। पत्रकारों का कहना है कि गरीबों के लिए लागू की गई अटल आवास या ऐसी ही आवासीय योजना की बजाय भूमि का आवंटन किया जाना चाहिए। लेकिन अभी तक भूमि आवंटन को लेकर कोई फैसला नहीं किया गया है। इस मामले में राजनीतिक हस्तक्षेप की भी खबर है। कुल मिलाकर दुर्ग-भिलाई के पत्रकार मायूस हैं। लगभग चार साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है और अभी तक पत्रकारों को भूमि का आवंटन नहीं किया गया है। मायूसी के साथ पत्रकार आक्रोशित भी हैं।

पत्रकारों को ज्यादा सुविधाएं दिलाने के लिए कदम उठा रही सरकार : भूपेश बघेल
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में पत्रकारों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं मिले, उनका और उनके परिजनों का जीवन सुगम हो। इसके लिए हमने राज्य में पत्रकारों के कल्याण के लिए सभी जरूरी कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि पत्रकार का काम बहुत चुनौतीपूर्ण होता है। सबसे बड़ी चुनौती होती है कि आर्थिक कठिनाईयों का सामना करते हुए अपने परिजनों के प्रति भी अपने कर्तव्यों को पूरा करें। लोगों तक सूचनाएं पहुंचाने की भागमभाग में पत्रकार को अपने परिजनों के लिए समय पर जरूरी चीजों का इंतजाम करना भी कठिन हो जाता है।
शासन ने अपनी इस जिम्मेदारी को महसूस किया कि पत्रकारों के जीवन की कठिनाईयों को कम किया जा सके, ताकि वे निश्चिंत होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। राजनांदगांव के पत्रकारों ने जब जमीन की मांग की तो उन्हें तत्परता से 10 एकड़ जमीन शासन की ओर से उपलब्ध कराई गई। राजनांदगांव में प्रेस क्लब भवन के विस्तार से पत्रकारों को अपनी रचनात्मक गतिविधियों के संचालन में बेहतर सुविधा होगी। यह भी खुशी की बात है कि आज पत्रकारों को आबंटित भू-खण्डों के रजिस्ट्री का वितरण हुआ। मुझे बताया गया है कि समिति द्वारा राजनांदगांव के 141 पत्रकारों को मात्र 1 लाख रूपए की दर से 1980 वर्गफीट के भू-खण्ड आबंटित किए गए हैं। इसके लिए पत्रकारों की मांग पर शासन द्वारा सोसायटी को 10 एकड़ भूमि आबंटित की गई थी, ताकि पत्रकारों के अपने घर का सपना पूरा हो सके।
कार्यक्रम को महापौर राजनांदगांव हेमा देशमुख, अध्यक्ष जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजनांदगांव नवाज खान ने भी सम्बोधित किया और उनके द्वारा राज्य में पत्रकारों के कल्याण के लिए संचालित कार्यों की सराहना की गई।
इस अवसर पर अध्यक्ष छत्तीसगढ़ युवा आयोग जितेंद्र मुदलियार, अध्यक्ष राजगामी सम्पदा न्यास राजनांदगांव विवेक वासनिक, आर.पी. सिंह, कलेक्टर डोमन सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, प्रेस क्लब राजनांदगांव के अध्यक्ष सचिन अग्रहरि सहित प्रेस क्लब राजनांदगांव के अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
