सारंगढ़ जिला बनने की खुशी में स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आज अनोखे अंदाज में स्वागत किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के स्वागत के लिए लोगों ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों को सजाकर रखा है। जगह-जगह पान, पानी और पालगी लिखा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये शब्द सारंगढ़ की परंपरा के अनुरूप होने के साथ ही यहां की पहचान है। यही वजह है कि नए जिले की सौगात देने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का स्वागत इस अनोखे अंदाज में किया जा रहा है।

बड़े बुजुर्गों ने बताया कि ये शब्द सारंगढ़ की पहचान हैं। पहले यहां पान के बहुत शौकीन हुआ करते थे और यहां पर बड़े पैमाने पर पान की खेती भी होती है। यहां काफी संख्या में तालाब हुआ करते थे, जिसके कारण यहां पानी की कभी कमी नहीं हुई । छत्तीसगढ़ की संस्कृति में बड़ों का सम्मान स्वरूप प्रणाम करने पर पालगी कहते हैं । इस प्रकार पान, पानी और पालगी सारंगढ़ के लोगों की पहचान और हमारी जीवन शैली का अहम हिस्सा है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि हम लोगों ने अपने मुखिया के स्वागत में सारंगढ़ की पहचान बन चुकी इन पंक्तियों को लिखकर रखा है।