छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन विकास मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया चार दिवसीय दौरे पर बस्तर जा रहे हैं। मंत्री डॉ. डहरिया का यह दौरा 9 से 12 अक्टूबर तक रहेगा। इस दौरान उनके साथ पूर्व राज्यसभा सांसद पी.एल. पुनिया भी रहेंगे। वे विधानसभा क्षेत्रों के स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव पीएल पुनिया छत्तीसगढ़ के प्रभारी हैं। एक साल बाद होने वाले चुनाव को देखते हुए पुनिया का बस्तर दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 9 अक्टूबर को पूर्व राज्यसभा सांसद पीएल पुनिया नगरीय प्रशासन विकास मंत्री डॉ. डहरिया रायपुर से कार द्वारा कांकेर जाएंगे। वे कांकेर, अंतागढ़ व भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। कांकेर में रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन 10 अक्टूबर को कोण्डागांव जिला के केशकाल में विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। कोण्डागांव में कोण्डागांव व नारायणपुर के विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

10 अक्टूबर की शाम को विधानसभा क्षेत्र चित्रकूट पहुंचेंगे। चित्रकूट में रात्रि विश्राम के बाद 11 अक्टूबर को चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों संग बैठक के बाद वे दंतेवाड़ा जाएंगे और मां दंतेश्वरी के दर्शन के बाद दंतेवाड़ा व बीजापुर विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठक लेंगे। शाम तक दंतेवाड़ा से जगदलपुर पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद 12 अक्टूबर को जगदलपुर, बस्तर और सुकमा में विधानसभा क्षेत्र के रूप में पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद नियमित विमान सेवा के जरिये जगदलपुर से रायपुर लौट आएंगे।