- विकास कार्यों को समयसीमा पर पूरा कराएं अफसर : वोरा
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने आज निगम अफसरों को दुर्ग शहर में सभी विकास कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा कराने के निर्देश दिये। निगम कमिश्नर लोकेश चंद्राकर सहित अन्य निगम अफसरों से वोरा ने साफ कहा कि शहर में चल रही महत्वपूर्ण योजनाओं और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट, गौरव पथ निर्माण और मुक्तिधाम मार्ग का निरीक्षण करते हुए वोरा ने कहा कि आम जनता की सुविधा के लिए राज्य सरकार से राशि स्वीकृत कराई गई है। सभी स्वीकृत कार्य प्राथमिकता से पूरे किये जाएं।
निरीक्षण के दौरान महापौर धीरज बाकलीवाल, आयुक्त लोकेश चंद्राकर सहित अन्य निगम अफसर मौजूद रहे। उन्होंने 16 करोड़ की लागत से चल रहे ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट निर्माण, 6 करोड़ के गौरव पथ पुनर्निर्माण व चौड़ीकरण और 5 करोड़ से बन रहे शिवनाथ नदी मुक्तिधाम मार्ग का निरीक्षण किया। वोरा ने कहा कि 3 माह के भीतर इन कार्यों को पूरा किया जाए। नए साल 2023 में जनता को इन विकास कार्यों की सौगात मिलनी चाहिए। इसके लिए युद्धस्तर पर सभी विकास कार्यों को कराया जाए। वोरा ने सभी प्रमुख योजनाओं के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय करने कहा।
वोरा ने कहा कि गौरवपथ को नया स्वरूप देने के साथ ही जलभराव की समस्या से निजात दिलाने और धुलमुक्त करने का काम शीघ्रता से पूरा किया जाए। ठगड़ा बांध का काम भी शीघ्रता से पूरा करते हुए फूड पार्क, बच्चों के लिए झूले, गार्डन और ओपन जिम का निर्माण जल्द शुरू किया जाना चाहिए। वोरा ने कहा कि वर्षों से उपेक्षित शिवनाथ नदी महमरा एनीकट व मुक्तिधाम पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए राज्य शासन से राशि की स्वीकृति दिलाई गई है। इस मार्ग के निर्माण से नयापारा और उरला, बघेरा के निवासियों को भी आवागमन की बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। निरीक्षण के दौरान एमआईसी मेंबर अब्दुल गनी, जयश्री जोशी, एल्डरमैन राजेश शर्मा, अंशुल पांडेय, कार्यपालन अभियंता एसडी शर्मा, प्रमोद दुबे, प्रकाश थवानी, करण यादव मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

