- निर्माणाधीन फ्लाईओवर के दोनों ओर सीमेंट का लगाया गया अवरोध, चार स्थलों पर की गई कांक्रीट वाल बैरीकेटिंग
- फ्लाईओवर के दोनों छोर पर सुरक्षा के लिए ड्यूटी लगाई गई
द सीजी न्यूज
दुर्ग / कुम्हारी में निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर कल रात हुई सड़क दुर्घटना में पति-पत्नी की मृत्यु के बाद कांट्रेक्टर कंपनी के विरुद्ध धारा 337,304 में अपराध पंजीकृत कर लिया गया है। मामले में कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर धमधा एसडीएम बृजेश क्षत्रिय ने फ्लाईओवर पर सुरक्षा उपायों के लिए एनएच के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये हैं। इस पर तुरंत अमल करने की कार्रवाई शुरू हो गई है।
फ्लाई ओवर के दोनों छोर पर सीमेंट का अवरोध लगाया गया है और चारों स्थलों पर कांक्रीट वाल बैरीकेटिंग स्थापित किया गया है। फ्लाईओवर के दोनों ओर सुरक्षा के लिए ड्यूटी लगाने के निर्देश एनएच के अधिकारियों को दिये गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी घटना के तुरंत बाद उपलब्ध कराई गई। एनएच के अधिकारियों को 20 दिसंबर तक सर्विस रोड का मेंटेंनेंस कार्य पूरा करने के निर्देश दिये गए हैं।
एसडीएम क्षत्रिय ने बताया कि स्टेशन चौक कुम्हारी, धमधा और स्टेशन जाने वाली रोड को जोड़ने वाली सड़क की मरम्मत के लिए एनएच के एसडीओ को निर्देश दिये गए हैं। कुम्हारी के जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और आम नागरिकों से भी चर्चा की गई है और उनके साथ सर्विस रोड का निरीक्षण किया गया है। एनएच के अधिकारियों को तत्काल सुधार कार्य शुरू करने निर्देश दिये गए हैं। एसडीएम ने इस संबंध में तेजी से कार्रवाई करने और प्रतिदिन के कार्य की जानकारी देने एनएच के अधिकारियों को निर्देशित किया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
