द सीजी न्यूज
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में त्रि-स्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए उप निर्वाचन हेतु कार्यक्रम जारी किया गया है। 16 दिसम्बर से नामांकन भरे जाएंगे।
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य में एक जिला पंचायत सदस्य, 10 जनपद पंचायत सदस्य, 127 सरपंच और 597 पंच ( कुल 735) रिक्त पदों पर उपचुनाव होगा। त्रि-स्तरीय पंचायतों के निर्वाचन गैर दलीय आधार पर होंगे। मतदान मतपत्र द्वारा राज्य निर्वाचन आयोग की मतपेटी से कराया जाएगा। निर्वाचन की घोषणा के साथ ही परिणाम की घोषणा तक ऐसे निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता लागू रहेगी।
त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन हेतु कार्यक्रम
निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन 16 दिसम्बर सुबह 10ः30 बजे किया जाएगा और इसी समय सें नामनिर्देशन पत्र प्राप्त करने की शुरूआत की जाएगी। स्थानों के आरक्षण के संबंध में सूचना का प्रकाशन और मतदान केन्द्रों की सूची का प्रकाशन 16 दिसम्बर सुबह 10.30 बजे किया जाएगा। नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 23 दिसम्बर दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है। नाम निर्देशन पत्रों की जांच 24 दिसम्बर को सुबह 10ः30 बजे से की जाएगी। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 26 दिसम्बर दोपहर 3 बजे तक है। निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर निर्वाचन प्रतीकों का आबंटन 26 दिसम्बर को दोपहर 3 बजे के बाद किया जाएगा। निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन 26 दिसम्बर को प्रतीक आबंटन के तुरंत बाद किया जाएगा।
मतदान व मतगणना 9 जनवरी को
त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन हेतु मतदान (यदि आवश्यक हो) 9 जनवरी 2023 सोमवार सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। मतगणना मतदान केंद्रों पर 9 जनवरी को मतदान समाप्ति के बाद और आवश्यक होने पर तहसील, खण्ड मुख्यालय पर 11 जनवरी 2023 बुधवार को दोपहर 3 बजे से होगा। सारणीकरण और निर्वाचन परिणाम की घोषणा 12 जनवरी 2023 को सुबह 9 बजे से जिला पंचायत सदस्य के लिए जिला मुख्यालय में और जनपद सदस्य, सरपंच व पंच के लिए खण्ड मुख्यालयों में होगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
