
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भगवान महावीर का जन्म समाज के कल्याण के लिए हुआ था। ज्ञान प्राप्ति के बाद उन्होंने जो संदेश समाज को दिया, वह आज और भी अधिक प्रासंगिक है। उन्होंने हमें सिखाया कि प्रकृति से हमें उतना ही लेना चाहिए, जितनी हमें जरूरत है। इसका पालन न करने का परिणाम यह हुआ कि आज ग्लोबल वार्मिंग से दुनिया परेशान है। भगवान महावीर का सबसे बड़ा संदेश अहिंसा का सिद्धांत है। भगवान महावीर का अहिंसा का सिद्धांत कमजोर लोगों का सिद्धांत नहीं है। यदि भगवान महावीर के सन्देश को विश्व अपना ले, तो युद्ध न हों। आज भगवान महावीर के संदेश की आवश्यकता पहले से ज्यादा है। भगवान महावीर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है। भगवान महावीर ने 26 सौ साल पहले जो बात कही, महात्मा गांधी ने उन्हीं के रास्ते पर चलकर अहिंसा की ताकत से देश को आजाद करा दिया। भारत एकमात्र देश है जिसकी आजादी की लड़ाई अहिंसा से लड़ी गई। यह सिद्धांत भगवान महावीर द्वारा दिया गया। भगवान महावीर ने जीवों पर दया करने की बात कही। भगवान महावीर का संदेश विश्व कल्याण के लिए है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार भी भगवान महावीर के रास्ते पर चल रही है। हम मजदूरों और किसानों की सेवा कर रहे है। जैन समाज एक व्यापारी समाज है। व्यापार-व्यवसाय पिछले 4 सालों में लगातार बढ़ा है। लोगों को रोजगार मिल रहा है, व्यापार फल-फूल रहा है। छत्तीसगढ़ नक्सलवाद के नाम से जाना जाता था। बस्तर की धरती जिसकी पहचान हरियाली थी, वह रक्तरंजित हो गई थी। आज बस्तर में नक्सलवाद सिमट कर रह गया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
