- मंगलवार को दुर्ग में भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति के कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री
द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्ग के पुराने गंज मंडी प्रांगण में भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कहा कि चार्टर प्लेन की सुविधा के दौर में भी जैन संत परंपरागत साधनों को त्याग कर पैदल चलते हैं। यह महावीर स्वामी का दिखाया हुआ अहिंसा और अपरिग्रह का रास्ता है। महावीर स्वामी का त्याग का रास्ता स्तुत्य है। भगवान महावीर के रास्ते पर दुनिया चलें, तो सब जगह शांति होगी। अहिंसा ताकतवर और ज्ञानी लोगों का हथियार है। मनुष्य विवेकवान है और सोचता है। इसी वजह से विवेकी व्यक्ति हिंसा का रास्ता नहीं अपनाता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश भर में महावीर जयंती धूमधाम से मनाई जा रही है। यदि आप किसी बात से सहमत नहीं हैं आप क्रुद्ध हैं, तो आपको विचार कर सही समाधान तलाशना होगा। यह अनेकान्तवाद भगवान महावीर स्वामी का विचार है। सत्य कई रूपों में हो सकता है, हमें सबके विचारों का सम्मान करना होगा। भगवान महावीर कहते थे कि मानसिक हिंसा भी मत कीजिये। सबसे अच्छा व्यवहार कीजिये।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर भगवान महावीर के जीवन से जुड़े हुए प्रसंग और शिष्यों से हुई उनकी चर्चा समाजजनों से साझा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवों के साथ महावीर स्वामी अहिंसा का भाव रखते ही थे। प्रकृति को सहेजने के लिए भी उनके मन में गहरी भावना थी।
इस मौके पर विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेन्द्र साहू, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष आर.एन. वर्मा, राज्य मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष अलताफ अहमद, पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर, निगम सभापति राजेश यादव, एमआईसी मेंबर ऋषभ जैन, भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति के अध्यक्ष अजय श्रीश्रीमाल व अन्य पदाधिकारियों के अलावा अन्य अतिथि व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
