- ग्राम पंचायत बिरनपुर में धारा 144 लागू
द सीजी न्यूज
बेमेतरा जिले के ग्राम बिरनपुर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर पी. एस. एल्मा और पुलिस अधीक्षक आई कल्याण एलिसेला ने रविवार को साजा रेस्ट हाउस में रात 9 बजे समाज के प्रतिनिधियों और संगठन प्रमुखों की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि ग्राम बिरनपुर में शांति, विधि व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा-144 लागू किया गया है। बैठक में कलेक्टर ने समाज के प्रतिनिधियों और संगठन प्रमुखों से जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
कलेक्टर ने बताया कि बिरनपुर में कानून एवं शांति व्यवस्था और सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। ग्राम बिरनपुर के सात स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। इसमें बिरनपुर से कवर्धा, दुर्ग, राजनांदगांव, अहिवारा, साजा रोड व अन्य स्थानों पर बैरिकेडिंग के साथ पुलिस बल तैनात किया गया है। जनप्रतिनिधियों को सुरक्षा के साथ गांव पहुंचने के लिए अनुमति दी गई थी।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ग्राम बिरनपुर में भी बैरिकेडिंग किया गया है। ताकि अन्य बाहरी व्यक्ति गांव में प्रवेश न कर सके। इसके साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि उपद्रवी लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किया गया है। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (रा.) विश्वास राव मस्के, एसडीओपी तेजराम पटेल, तहसीलदार, पार्षदगण व समाज प्रमुख उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal