द सीजी न्यूज
दुर्ग / नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत सड़कों और चौक-चौराहे के आसपास अव्यवस्थित ठेले व दुकानों के लिए व्यवस्थित वेडिंग जोन तैयार किये जा रहे हैं। सुंदर प्लेटफार्म के साथ लाइटिंग और वृक्षारोपण कर एकरूपता के तहत गुमटियां स्थापित की जा रही है। पहले से अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वाले फुटकर व्यवसाइयों को वेडिंग जोन में व्यवसाय करने का मौका दिया जाएगा।
वोरा ने आज शहर में विकसित किये जा रहे वेडिंग जोन की दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से वेडिंग जोन बनने से शहरवासियों को सुव्यवस्थित मार्केट की सौगात मिलेगी। मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था में सुधार होगा। दुकानदारों को नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाए जाने के भय से मुक्ति मिलेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने सभी वेंडिंग जोन स्थलों पर पेयजल और सुलभ शौचालय की व्यवस्था के साथ ही लाइटिंग की बेहतर व्यवस्था के साथ-साथ आर्कषक रोपवे लाइट लगाने के निर्देश दिये।
अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में वेडिंग जोन का कार्य मानस भवन और जिला चिकित्सालय के पास चल रहा है। इसके अलावा दादा दादी, नाना-नानी पार्क, चौपाटी , वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, रायपुर नाका, हाट बाजार बोरसी, अग्रसेन चौक, शनिचरी बाजार, बघेरा, कातुलबोड़, महिला स्मृद्धि बाजार, धमधा नाका, राजेन्द्र पार्क सहित 14 स्थानों पर वेडिंग जोन बनाए जाएंगे। मानस भवन के पास 25 गुमटियां में पेवर ब्लाक के साथ गुमटी व प्रकाश व्यवस्था का कार्य किया जा चुका है।
निगम अधिकारियों ने बताया कि मानस भवन में 25 गुमटियों में फल दुकान वालों को, जिला चिकित्सालय में 10, रायपुर नाका में गैरेज वालों को 21 , राजेन्द्र पार्क में 18 व दादा दादी, नाना नानी पार्क में 50 फूड जोन स्थापित किये जाएंगे। वेडिंग जोन के निरीक्षण के दौरान नगर निगम के वित्त प्रभारी दीपक साहू, सामान्य प्रशासन प्रभारी जयश्री जोशी, एल्डरमेन राजेश शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
