Breaking News

आईआईटी बॉम्बे का सेमिनार हॉल भिलाई के शारिक के नाम पर

  • भिलाई के बाद आईआईटी बॉम्बे से शारिक रिजवी ने इंजीनियरिंग में किया था स्नातक, इन दिनों अमेरिका में रहते हैं 

द सीजी न्यूज

भिलाई। इस्पात नगरी भिलाई में पले-बढ़े युवा सॉफ्टवेयर उद्यमी शारिक रिजवी के खाते में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज हुई है। आईआईटी बॉम्बे ने उनके योगदान को देखते हुए वहां के एक सेमिनार हॉल को उनके नाम पर कर दिया है। आईआईटी बॉम्बे ने इस आशय की घोषणा अपनी वेबसाइट पर भी की है। वहां के सेंटर फॉर मशीन इंटेलिजेंस एंड डाटा साइंस (सीएमइंड्स) की शुरुआत 28 अप्रैल को हुई और इस केंद्र की स्थापना में शारिक ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।

आईआईटी बॉम्बे ने अपनी वेबसाइट पर जारी सूचना में इस संदर्भ में कहा है कि शारिक रिजवी इस केंद्र की स्थापना के लिए आईआईटी बॉम्बे के प्रमुख दानदाताओं में से एक हैं। रिजवी द्वारा दी गई धनराशि से इस नए केंद्र में “शारिक रिजवी सेमिनार हॉल” स्थापित किया गया है। शारिक ने इस सम्मान पर हर्ष जताया है। उन्होंने कहा कि आईआईटी बॉम्बे का पूर्व छात्र होने के नाते उनके लिए यह बड़ा सम्मान है।

उल्लेखनीय है कि शारिक रिजवी ने दिल्ली पब्लिक स्कूल भिलाई से स्कूली शिक्षा पूरी की। 1999 में आईआईटी-जेईई परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर शारिक 5 वें स्थान पर थे। इसके बाद उन्हें आईआईटी बॉम्बे में दाखिला मिला। जहां 2003 में उन्होंने आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में डिग्री ली। इसके बाद उन्होंने अमेरिका के बर्कले स्थित कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय में दाखिला लिया और 2005 में कंप्यूटर साइंस में डिग्री ली।

सिलिकॉन वैली में उद्यमी हैं शारिक

शारिक रिजवी 2003 से सैन फ्रांसिस्को खाड़ी क्षेत्र में रह रहे हैं। वह सिलिकॉन वैली में एक उद्यमी हैं। वह वर्तमान में प्रतिष्ठित कंपनी रेडिट में  कार्यकारी उपाध्यक्ष (विज्ञापन मुद्रीकरण) हैं, जो दुनिया के सबसे लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में से एक है। इससे पहले वह नेटसिल के सह-संस्थापकों में से थे, जिसने माइक्रोसर्विसेज, कंटेनर और कुबेरनेट्स का उपयोग करके निर्मित आधुनिक क्लाउड अनुप्रयोगों के लिए सार्वभौमिक अवलोकन और निगरानी मंच का नेतृत्व किया। नेटसिल को 2018 में न्यूटेनिक्स (नासडेक: एनटीएनएक्स) द्वारा अधिग्रहित किया गया था।

शारिक का स्टार्टअप अधिग्रहित किया ट्वीटर ने

2012 से 2016 तक बतौर एक निदेशक ट्वीटर के विज्ञापन व्यवसाय को अरबों डॉलर का राजस्व लाभ पहुंचाने में शारिक रिजवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस वजह से नवंबर 2013 में कंपनी के आईपीओ में मदद मिली। 2008 में शारिक ने सह-संस्थापक के तौर पर सिलिकॉन वैली की प्रमुख उद्यम पूंजी फर्मों द्वारा समर्थित एक स्टार्टअप डेसिएंट की शुरूआत की थी। डेसिएंट ने इंस्ट्रूमेंटेड वर्चुअल मशीनों का उपयोग करके वेब-आधारित मैलवेयर स्कैनिंग के लिए पहली व्यवसायिक प्रणाली पेश की थी। 2012 में ट्विटर ने अपनी ऑनलाइन विज्ञापन प्रणाली के लिए सुरक्षा को मजबूती प्रदान करने के लिए डेसिएंट का अधिग्रहण किया था।

शारिक के पिता डॉ. सैयद जावेद रिजवी अंचल के जाने माने चिकित्सक हैं और भिलाई स्टील प्लांट के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग के निदेशक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वहीं शारिक की माता निशात रिजवी प्रसारण व लेखन जगत में जाना माना नाम हैं।

Check Also

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री की शुभकामनाएं प्रदेश के तीन करोड़ नागरिकों के लिए प्रेरणा और गौरव का विषय : मुख्यमंत्री साय

THE CG NEWS रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!