द सीजी न्यूज
रायपुर। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने आज छत्तीसगढ़ की 6 वीं विधानसभा के प्रथम सत्र को संबोधित किया और अभिभाषण पढ़ा। विधानसभा पहुंचने पर राज्यपाल हरिचंदन का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और नेता प्रतिपक्ष डॉ.चरण दास महंत ने स्वागत किया।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू हुई। राज्यपाल ने अंग्रेजी में अभिभाषण दिया। इस पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई। राज्यपाल के अंग्रेजी में अभिभाषण पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व पूर्व मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण कम से कम हिंदी में हो।
सदन में राज्यपाल के अभिभाषण की पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आलोचना की। उन्होंने कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण सरकार की सोच का आईना होता है, लेकिन राज्यपाल के अभिभाषण में वह बात नहीं आई, जो छत्तीसगढ़ के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने राज्यपाल से नीरस अभिभाषण कराया।
बघेल ने सरकार की ओर से पेश किए गए अनुपूरक बजट पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्य में 18 लाख आवास बनाने की बात कही थी, लेकिन अनुपूरक बजट में भी ऐसी कोई चीज नहीं दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा जिन वादों को लेकर जनता के बीच गई, सरकार बनने के बाद वह उस दिशा में कदम बढ़ाती हुई नहीं दिख रही है। उन्होंने कहा कि कर्ज माफी के बारे में मुख्यमंत्री के अलग विचार हैं और उनके नेता के अलग विचार है।
नक्सली हमलों पर कांग्रेस ने जताई चिंता
प्रदेश में बढ़ती नक्सली हमलों पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि नक्सल नियंत्रण पर हमारी सरकार ने बेहतर काम किया था, लेकिन भाजपा सरकार नक्सलवाद पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है। एक भी मतदान केंद्र ऐसा नहीं था, जिसमें 0% मतदान हुआ हो। नक्सल प्रभावित इलाकों में भी अधिक मतदान होना इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस सरकार में नक्सलियों पर पर लगाम लगा रखा था।
किसान आत्महत्या का मामला उठा
इससे पहले राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने किसान आत्महत्या का मामला उठाया। इसी दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने करीब 10 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट सदन के पटल पर पेश किया। इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। विधानसभा अध्यक्ष ने राज्यपाल के अभिभाषण और अनुपूरक बजट पर चर्चा के लिए गुरुवार का दिन निर्धारित किया है।
राज्यपाल के अभिभाषण से हुई शुरूआत
आज सदन की कार्यवाही राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू हुई। राज्यपाल ने कहा, 6वीं विधानसभा के लिए प्रदेश में दो चरणों में 7 नवंबर और 17 नवंबर को मतदान की प्रक्रिया पूरी हुई और 3 दिसंबर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित हुए। इन चुनावों में चुनकर आए आप इस पवित्र सदन में पहुंचे हैं, इसलिए सर्वप्रथम मैं आप सभी को जीत की बधाई देता हूं।
राज्यपाल ने कहा – आपके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। आपने जो वादा और दावा किया है उसे आप पूरा करें। मतदान के प्रतिशत का दूरस्थ इलाकों में बढ़ना सरकार के विश्वास को बताता है। यह लोगों का संविधान के प्रति लगाव को बताने के लिए काफी है।
अभिभाषण में राज्यपाल ने कहा – सरकार अपने योजनाओं को पूरा करे। सदन की जो परंपरा है, उसे उच्च स्तर पर लेकर जाए। पक्ष और विपक्ष दोनों के भावनाओं का पूरा सम्मान हो। मेरी सरकार गुड गवर्नेंस को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार ने 18 लाख आवास के वादा को पूरा किया है।
राज्यपाल ने कहा – सरकार दो साल का बकाया बोनस देने का वादा पूरा करने जा रही है। इसी दौरान विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

