द सीजी न्यूज

रायपुर। भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से आम नागरिकों को निःशुल्क बिजली मिल रही है। कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम कसनिया निवासी संजय अग्रवाल इस योजना के सफल लाभार्थी हैं। पेशे से व्यवसायी अग्रवाल के व्यवसाय में रेफ्रिजरेटर, पंखा, कूलर एवं कंप्यूटर जैसे विद्युत उपकरणों के उपयोग से विद्युत खपत अत्यधिक थी, जिसके कारण प्रतिमाह भारी बिजली बिल का वहन करना पड़ता था। योजना के तहत उन्होंने 3 किलोवॉट क्षमता का सौर रूफटॉप संयंत्र अपने निवास की छत पर स्थापित किया। यह संयंत्र उनकी घरेलू और व्यवसायिक बिजली आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ अतिरिक्त विद्युत उत्पादन को ग्रिड में भेजकर आर्थिक लाभ भी दे रहा है। उनका बिजली बिल नगण्य है और उन्हें सौर ऊर्जा के माध्यम से अतिरिक्त आय भी प्राप्त हो रही है।
अग्रवाल ने बताया कि ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया, जिसके बाद विद्युत विभाग के तकनीकी अमले द्वारा निरीक्षण व संयंत्र स्थापना का कार्य नियत समयावधि में पूर्ण किया गया। उन्हें अनुदान की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त हुई। अब उन्हें विद्युत आपूर्ति बाधित होने की चिंता नहीं रहती। तीव्र धूप के समय संयंत्र से भरपूर विद्युत उत्पादन होता है, जिससे उनकी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति निरंतर बनी रहती है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal