द सीजी न्यूज
भिलाई। बुधवार की शाम एक दुपहिया वाहन चालक को ठीक से गाड़ी चलाने की सलाह देने पर बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। युवक ने बुजुर्ग को हाथ और मुक्के से इतना पीटा कि बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक के साथी को भी चोट आई है। सूचना मिलते ही छावनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आजाद मोहल्ला कैम्प-1 निवासी विक्रम राय (66 वर्ष) और सुनील राय एक ही बाइक पर लिंक रोड कैम्प 2 से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से दुपहिया वाहन में एक युवक भी चल रहा था। विक्रम राय ने युवक को वाहन ठीक से चलाने की समझाइश दी। ताकि सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। बुजुर्ग के समझाने पर आरोपी ने अन्य युवकों को बुला लिया और बुजुर्ग की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पर सुनील राय को भी मारा। मारपीट के कारण विक्रम राय की मौत हो गई, जबकि सुनील राय को चेहरे पर गंभीर चोट आई। घटना की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी सुकांत उर्फ चिराग सोनकर (19 वर्ष) निवासी रोड कैम्प दो को तत्काल हिरासत में ले लिया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal