Breaking News

गरीबों के आशियानों पर बुलडोज़र : कैलाश नगर में पीड़ितों से मिले अरुण वोरा, पीड़ित बोले—“अब कहां जाएं?

द सीजी न्यूज
दुर्ग। कैलाश नगर, दुर्ग में विपणन संघ को-ऑपरेटिव सोसायटी के समीप निवासरत गरीब परिवारों के मकान तोड़े जाने का गंभीर मामला सामने आया है। यहां रहने वाले दो परिवारों के मकान हाल ही में ध्वस्त कर दिए गए, जिन्हें उन्होंने अपनी जीवनभर की मेहनत और करीब 4–4 लाख रुपये की जमा पूंजी से बनवाया था। मकान टूटने के बाद ये परिवार अब बेघर हो चुके हैं और किराए के मकानों में रहने को विवश हैं।
आज जब वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा कैलाश नगर, दुर्ग पहुँचे, तो वहां मौजूद पीड़ित परिवारों ने अपनी पीड़ा उनके समक्ष रखी। लोगों ने कहा कि वे गरीब हैं और उन्होंने अपनी पूरी जीवनभर की जमा पूंजी अपने घर बनाने में लगा दी थी। अब जब उनके मकान तोड़ दिए गए हैं, तो उनके सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि वे अब कहाँ जाएँ और कैसे जीवन यापन करें।
पीड़ितों ने भावुक होते हुए कहा कि उनके साथ ही यह अन्याय क्यों हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उसी क्षेत्र में अन्य कई मकान मौजूद हैं, तो कार्रवाई केवल दो परिवारों पर ही क्यों की गई। पीड़ितों ने वोरा से मांग की कि उन्हें न्याय दिलाया जाए और उनके साथ हुए भेदभाव की निष्पक्ष जांच की जाए।महिलाओं की स्थिति पर चिंता जताते हुए वोरा ने कहा कि इस कार्रवाई के बाद सभी प्रभावित महिलाएं बेघर हो चुकी हैं, जो उनकी सुरक्षा और सम्मान पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के घर तोड़ना न केवल अमानवीय है, बल्कि यह सामाजिक असुरक्षा को भी बढ़ाता है.उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत, सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित किया जाए।
वोरा ने आज इस पूरे मामले को जिला कलेक्टर की जानकारी में लाया और उनसे आग्रह किया कि प्रशासन इस विषय को गंभीरता से संज्ञान में लेकर प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि या तो पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए, या फिर उन्हें कहीं अन्यत्र सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जाए।इसके साथ ही वोरा ने इस मामले को लेकर विप्रन संघ के अधिकारी अमित श्रीवास्तव से फोन पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि प्रशासन को चाहिए कि किसी भी प्रकार की कार्रवाई से पहले मानवीय दृष्टिकोण अपनाए और यह सुनिश्चित करे कि कोई भी गरीब परिवार बेघर न हो।इस अवसर अरुण वोरा के साथ ब्लॉक अध्यक्ष देवश्री साहू, राकेश साहू, रोशन साहू, ममता साहू, पुष्पा साहू, दुर्गा निषाद, रेखा साहू, अशोक, यशवंत साहू सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी भी उपस्थित रहे।
स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में इस तरह की किसी भी कार्रवाई से पहले वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गरीबों के सिर से छत न छीनी जाए।

Check Also

वोट चोरी, चंदा चोरी पर बोले भूपेश – भाजपा ने खो दिया आम जनता का विश्वास

भिलाई निगम चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, वार्ड समिति बनाने पर वरिष्ठ नेताओं का …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!