द सीजी न्यूज
मोहला। जिला पंचायत सीईओ भारती चंद्राकर ने जनपद पंचायत मानपुर के ग्राम पंचायत ख्वास फड़की और तोलुम में आयोजित आवास प्रगति सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) व मुख्यमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा की। वित्तीय वर्ष 2024–26 के अंतर्गत अप्रारंभ और अपूर्ण आवासों की स्थिति पर हितग्राहियों से विस्तृत चर्चा की।
सीईओ ने 31 मार्च 2026 तक सभी अप्रारंभ और अपूर्ण आवासों का निर्माण अनिवार्य रूप से पूरा करने कहा। आवास निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार्य नहीं होगी। समय-सीमा में आवास पूर्ण न होने पर संबंधित हितग्राहियों के विरुद्ध निरस्तीकरण व आरआरसी वसूली की कार्रवाई की जाएगी। सभा में मुख्यमंत्री आवास योजना की प्रगति पर भी चर्चा कर शीघ्र पूर्णता के निर्देश दिए गए। इस दौरान उन्होंने वीबीजीरामजी योजना की विस्तृत जानकारी दी।
प्रगति सभा में जनपद पंचायत सीईओ, सहायक अभियंता, कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा, विकासखंड समन्वयक, तकनीकी सहायक (मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायत सचिव व रोजगार सहायक उपस्थित रहे।
निर्माणाधीन कार्यों का किया निरीक्षण
प्रगति सभा के बाद जिला पंचायत सीईओ ने निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवासों और महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत आजीविका डबरी का निरीक्षण किया और हितग्राहियों से आय संवर्धन पर चर्चा की। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान देते हुए समय सीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
