द सीजी न्यूज
दुर्ग। नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित दुर्ग के 12 संचालक मंडल सदस्य के चुनाव 14 फरवरी को होंगे। चुनाव में कुल 96 नवनिर्वाचित प्रत्यायुक्त सदस्य मतदान करेंगे। मतदान समाप्त होने के एक घंटे बाद मतगणना की जाएगी। मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। मतदान की प्रक्रिया श्री गुर्जर क्षत्रिय गुजराती समाज भवन मोतीपारा में होगी। मतदान का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित है।
बैंक के संचालक मंडल सदस्यों के चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारी देवाशीष दास ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया। संचालक मंडल सदस्यों के चुनाव के लिए 3 फरवरी से नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत होगी। 3 फरवरी को अभ्यर्थी दोपहर 12 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। 4 फरवरी को शाम 4 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद वैध नामांकन पत्रों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
नामांकन पत्र 5 फरवरी तक वापस लिये जा सकते हैं। इसके लिये सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे का समय निर्धारित किया गया है। नामांकन वापसी की प्रक्रिया के बाद अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी होगी और चुनाव चिन्ह का आबंटन किया जाएगा। नामांकन की प्रक्रिया बैंक मुख्यालय अस्पताल वार्ड पचरीपारा में पूरी की जाएगी।
मतदान की स्थिति निर्मित होने पर 14 फ रवरी को मतदान होगा। इसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। रिटर्निंग अधिकारी देवाशीष दास ने बताया कि बैंक के कुल 12 संचालक मंडल सदस्य के चुनाव होंगे। इसमें से 10 पद सामान्य वर्ग (अनारक्षित) के लिए है। इनमें 2 पद महिला वर्ग और 2 पद सनदी लेखाकार (चार्टर्ड एकाउंटेंट) के लिए आरक्षित होगा। एक-एक पद अन्य पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है।
रिटर्निंग अधिकारी देवाशीष दास ने बताया कि संचालक मंडल सदस्यों के अलावा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व अन्य सोसायटियों के प्रतिनिधियों व अन्य पदाधिकारियों के निर्वाचन की सूचना 16 फ रवरी को जारी किया जाएगा। इन पदों पर निर्वाचन की प्रक्रिया 20 फ रवरी को शाम 4 बजे से बैंक मुख्यालय अस्पताल वार्ड पचरीपारा में पूरी की जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal