- भिलाई के भाजपा विधायक रिकेश सेन की एक नहीं सुनते कमिश्नर, अगर सुनते तो भिलाई के हितों के विरुद्ध इतनी मनमानी कैसे होती ?
द सीजी न्यूज
भिलाई। महापौर नीरज पाल ने निगम कमिश्नर राजीव पांडे पर भिलाई के हितों के विरुद्ध काम करने और मनमानी का आरोप लगाया है। नीरज ने साफ कहा कि कमिश्नर को यहां काम करने के लिये नहीं भेजा गया है, बल्कि भिलाई के विकास में अड़ंगा लगाने के लिये भेजा गया है। निगम कमिश्नर भिलाई में काम करने की नीयत से आए ही नहीं हैं। शासन-प्रशासन की नहीं सुनने वाले कमिश्नर एमआईसी और सामान्य सभा में पारित प्रस्ताव को नहीं मानते। महापौर ने तंज कसते हुए कहा कि ” निगम कमिश्नर शायद ट्रंप के खासमखास हैं। इसीलिये उनकी मनमानी पर कोई नहीं रोकटोक नहीं लगा पा रहा है।”
नीरज ने कहा कि निगम कमिश्नर को भिलाई से पता नहीं क्या दुश्मनी है? उन्होंने आज तक भिलाई की तरक्की के लिये कुछ नहीं सोचा। भिलाई के लोगों के हितों के लिये नहीं सोचा। वे हमेशा भिलाईवासियों के हितों के विरुद्ध काम करते हैं। मनमानी कर रहे हैं। विकास विरोधी सोच और मनमानी का असर भिलाई के विकास पर असर पड़ा। वे केवल मार्निंग वाक करने सुबह निकलते हैं। फोटो खिंचवाकर न्यूज पेपर में भेजते हैं। सरकार के पोर्टल में फोटो अपलोड करते हैं – यह बताने के लिये वे सुबह निरीक्षण के लिये निकले हैं।
महापौर ने कहा कि निरीक्षण के नाम पर निगम कमिश्नर अफसरों के साथ निरीक्षण करने नहीं निकलते, बल्कि सुबह की सैर करने निकलते हैं। अगर निरीक्षण करना है तो बस्तियों में जाएं। गलियों में जाकर लोगों की समस्याएं पूछें। जलसंकट, सफाई, प्रकाश व्यवस्था की समस्याओं का जायजा लें और समाधान भी करें। ये काम करने की बजाय वे केवल तालाब, गार्डन में साफ -सुथरी जगह पर सैर करने जाते हैं।
नीरज ने कहा कि उन्होंने हाल ही में घटिया सड़क निर्माण का खुलासा किया। खुलासे के बावजूद कमिश्नर ने कोई एक्शन नहीं लिया। कोई कार्रवाई नहीं की। कमिश्नर अगर रोज निरीक्षण करते हैं, तो किसी विकास कार्य में कोई गड़बड़ी आज तक क्यों नहीं पकड़ सके। आज तक किसी भी बस्ती में निरीक्षण करने क्यों नहीं गए। महापौर ने आरोप लगाया कि कमिश्नर ने निरीक्षण के नाम पर सुबह 11 बजे तक निगम अफसरों का समय खराब करते हैं। नगर निगम के कामकाज का सत्यानाश कर दिया है। अगर वे भिलाई के कमिश्नर के रूप में अगले 6 महीने और पदस्थ रहे तो नगर निगम की प्रशासनिक और वित्तीय व्यवस्था पूरी तरह चौपट कर देंगे।
विधायक रिकेश सेन की बात सुनते तो इतनी मनमानी नहीं कर पाते
एक सवाल के जवाब में महापौर ने कहा कि निगम कमिश्नर राजीव पांडे भाजपा विधायक रिकेश सेन की बात भी नहीं मानते। अगर विधायक रिकेश की बात सुनते तो इतनी मनमानी और भिलाई के हितों के विरुद्ध कार्य नहीं कर पाते। प्लाटों के ऑक्शन के मामले में हमने एमआईसी बुलाकर निगम कमिश्नर को जवाबतलब किया था। उनसे पूछा गया कि शासन से सहमति लिये बिना और नगर निगम की एमआईसी, सामान्य सभा में प्रस्ताव लाए बिना आक्शन की प्रक्रिया कैसे शुरू कर दी गई। कमिश्नर ने जवाब दिया कि शासन के आदेश की प्रत्याशा में ऑक्शन की प्रक्रिया शुरू की गई। एमआईसी में जवाबतलब करने के बाद उन्होंने प्लाटों की नीलामी की प्रक्रिया रद्द की।
भाजपा शासनकाल में नहीं मिला फंड
नीरज पाल ने कहा कि राज्य में भाजपा के सत्ता में आने के बाद केवल घोषणाएं हो रही है, फंड नहीं मिल रहा है। पिछले ढाई साल के बीजेपी शासनकाल में नगरीय निकायों को विकास कार्यों के लिये पैसा नहीं मिल रहा है। भिलाई नगर निगम को भी फंड जारी नही किया गया। 15 वें वित्त आयोग के फंड से भिलाई निगम में विकास कार्य किये जा रहे हैं। नगर निगम का गठन हुए 26 साल बीत चुके हैं। इतने अरसे में ऐसा पहली बार हुआ, जब पिछले दो साल से महापौर निधि की राशि भी नगर निगम को नहीं दी गई। प्रदेश सरकार की इससे ज्यादा दुर्गति और क्या होगी ? फंड न मिलने के कारण भाजपा शासनकाल में विकास कार्यों पर जबर्दस्त असर पड़ा। विकास कार्य ठप पड़ऩे लगे।
भाजपा सरकार पूरी तरह फेल, भिलाई निगम चुनाव में कांग्रेस की जीत पक्की
महापौर नीरज पाल ने कहा कि भाजपा शासनकाल मेेंं चाहे शहर की सरकार की बात करें या कानून व्यवस्था, डवलपमेंट, महंगाई सहित किसी भी विषय पर व्यवस्था की बात कीजिये तो पता चलेगा कि वर्तमान सरकार हर मामले में पूरी तरह फेल है। शासन प्रशासन की हरेक व्यवस्था को लेकर हाहाकार मचा है। इसका चुनाव पर असर पड़ेगा। बीजेपी को जबर्दस्त नुकसान होगा। निश्चित रूप से अगले निगम चुनाव में आम जनता का गुस्सा फूटेगा और कांग्रेस की जीत होगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
