- केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
THE CG NEWS
दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी द्वारा देश भर में चलाए जा रहे “लोकतंत्र बचाओ, राजकता हटाओ” कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार 30 अक्टूबर को दुर्ग जिले में विशाल आमसभा व पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित प्रदेश और संगठन के अनेक वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
कार्यक्रम का आयोजन दुर्ग शहर के पुलगांव रोड स्थित महेश कॉलोनी के राधा-कृष्ण मंदिर प्रांगण में किया जाएगा। आमसभा के बाद गंजपारा चौक तक विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। इस आयोजन के माध्यम से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम के विरुद्ध जनजागरण किया जाएगा।
आमसभा व पदयात्रा में कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप व गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, दुर्ग संभाग प्रभारी व प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, जिला संगठन प्रभारी नंदन जैन, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, विधायक ललित चंद्राकर, रिकेश सेन व ईश्वर साहू, छत्तीसगढ़ खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पांडेय, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, सिंध अकादमी बोर्ड की अध्यक्ष सुषमा जेठानी, महापौर अलका बाघमार, जिपं अध्यक्ष सरस्वती बंजारे और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन सहित जिले के अनेक वरिष्ठ नेता व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक व्यवस्थाओं और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्ध रही है। मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और पारदर्शी बनाना है। विपक्ष द्वारा SIR को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा करने के प्रयासों के बीच भाजपा जनजागरण के माध्यम से जनता के सामने अपना पक्ष रखेगी।
कौशिक ने जिले के समस्त भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मंडल व मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, प्रबुद्ध जनों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे शुक्रवार 30 अक्टूबर को आयोजित विशाल आमसभा व पदयात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
