Breaking News

सीएम विष्णु देव साय गुरू नानक देव के प्रकाश पर्व समारोह में हुए शामिल : श्री राम कथा का किया रसपान

  • गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की
  • मुख्यमंत्री ने लंगर में ग्रहण किया प्रसाद
  • सिख समाज के सभी लोगों को प्रकाश पर्व की दी बधाई-शुभकामनाएं

THE CG NEWS

दुर्ग / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर गुरूद्वारा श्री सिंगसभा सेक्टर 6 में आयोजित प्रकाश पर्व समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने गुरूद्वारा में मत्था टेका तथा पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाकर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धाभाव से लंगर में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने भी गुरूद्वारा में मत्था टेका और लंगर में प्रसाद ग्रहण किया।


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रकाश पर्व समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सभी गुरु नानक देव जी की जयंती मनाने के लिए यहां एकत्रित हुए हैं। इस पावन अवसर पर पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाने का अवसर प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने सिख समाज के संतजनों, समाज के सभी बंधुओं, माताओं-बहनों और युवा साथियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सिख समाज का आशीर्वाद व मार्गदर्शन हम सभी को निरंतर मिलता रहे। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, विधायक रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, भूपेन्द्र सवन्नी, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि सिख समाज के संतजन, पदाधिकारी व बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

श्री राम कथा का आयोजन हम सबके लिए सौभाग्य का विषय – मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज इस्पात नगरी भिलाई के सेक्टर-2 में आयोजित श्री राम कथा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने व्यासपीठ को नमन कर विश्वविख्यात कथाव्यास पूज्य संत चिन्मयानंद बापू जी से आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं के साथ बैठकर भक्तिभाव से श्री राम कथा का रसपान किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा एवं गुरू नानक देव जी की जयंती प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने माता कौशल्या की जन्मभूमि और प्रभु श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में पूज्य संत श्री चिन्मयानंद बापू जी का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत-अभिनंदन किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरूण साव उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री साय ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रभु श्रीराम से गहरा आध्यात्मिक एवं भावनात्मक संबंध है। प्रभु श्रीराम ने अपने वनवास काल का अधिकांश समय छत्तीसगढ़ में व्यतीत किया है। प्रदेश में अनेक ऐसे पवित्र स्थल हैं, जो प्रभु श्रीराम के वनवास काल की स्मृतियों से जुड़े हुए हैं। राजिम के त्रिवेणी संगम में स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर के संबंध में मान्यता है कि प्रभु श्रीराम एवं माता सीता ने अपने करकमलों से शिवलिंग की स्थापना की थी। चंदखुरी में माता कौशल्या का मंदिर स्थित है। राम वन गमन पथ से जुड़े अनेक स्थल छत्तीसगढ़ की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम भव्य मंदिर में विराजमान हुए हैं। यह छत्तीसगढ़वासियों के लिए विशेष हर्ष एवं गौरव का विषय है, क्योंकि छत्तीसगढ़वासी प्रभु श्रीराम को अपना भांजा मानते हैं।

राज्य शासन द्वारा प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन कराने के लिए श्री रामलला दर्शन योजना संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु लाभान्वित हो चुके हैं। उन्होंने जनवरी 2027 में रायपुर में आयोजित होने वाली श्री राम कथा में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम एवं माता सीता से सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, भूपेन्द्र सवन्नी, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, जीवन आनंद फाउंडेशन के अध्यक्ष विनोद सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व श्रद्धालु उपस्थित थे।

Check Also

रिकेश के आगे मोदी, साय, रमन की चमक फीकी : समर्थकों को टिकट की उम्मीद

भिलाई नगर निगम के महापौर प्रत्याशी के लिए जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन और निगम …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!