- धमतरी में डेढ़ सौ भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल
- धान खरीदी, रकबा कटौती और फसल बीमा के मुद्दे को लेकर बोला हमला
- सरकार बीमा कंपनियों को बचा रही है
- 150 भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए
THE CG NEWS
धमतरी। सोमवार को धान खरीदी, रकबा कटौती और फसल बीमा के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धमतरी में साय सरकार पर तीखा हमला बोला। मीडिया से बातचीत के दौरान भूपेश ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हितों के लिए नहीं, बल्कि बीमा कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार जो व्यवस्था पहले ही कर सकती थी, उसे जानबूझकर नहीं किया गया, ताकि किसान परेशान हों और सरकार को उनका धान न खरीदना पड़े। भूपेश ने दावा किया कि प्रदेश में लाखों ऐसे किसान हैं जिनका धान का रकबा या तो कम कर दिया गया है या फिर पोर्टल पर शून्य बताया जा रहा है। इस स्थिति के कारण अन्नदाता बेहद परेशान हैं।
ओलावृष्टि और जलभराव से फसल डूबी, बीमा कंपनियां नदारद
भूपेश ने कहा कि एक तरफ किसानों की फसलें डूब चुकी हैं। दूसरी ओर बीमा कंपनियों का कोई भी प्रतिनिधि सर्वे के लिए नहीं आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले पर सरकार आंखें मूंदे बैठी है, ताकि बीमा कंपनियों को किसानों को मुआवजा न देना पड़े। सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा हमला बोलते हुए भूपेश ने सवाल किया कि यह सरकार किसानों की है या बीमा कंपनियों की।
भूपेश ने कहा कि किसानों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को रकबा सत्यापन, डिजिटल रिकॉर्ड और टोकन जैसी प्रक्रियाओं से जुड़ी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। बस्तर में करीब 500 किसानों के जमीन का रकबा पोर्टल पर शून्य बता रहा है।
धमतरी के पुरानी कृषि मंडी परिसर में दीपावली मिलन सह मितानिन सम्मान समारोह में पूर्व सीएम भूपेश बघेल, विधायक ओंकार साहू, संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा, भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी, सिहावा विधायक अंबिका मरकाम मौजूद रहे। कांग्रेस पार्टी ने जिले भर से आई करीब 700 मितानिनों को सम्मानित किया। पूर्व सीएम भूपेश बघेल की मौजूदगी में सपरंच सहित दर्जनों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
साय सरकार ने मितानिनों के साथ किया छल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मितानिनों को सम्मानित कर उनके स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान की सराहना की। भूपेश ने कहा, ”मितानिनें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की देखभाल से लेकर लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मितानिन दिवस पर धमतरी विधायक ओंकार साहू द्वारा प्रतिवर्ष सम्मान समारोह आयोजित करना सराहनीय पहल है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मितानिनों को 2200 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाता था, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार ने मितानिनों के साथ छल किया है।
बीजेपी से ऊब रहा जनता का मन: बघेल
कार्यक्रम के मंच से पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि नरहरपुर में करीब 150 भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। बघेल ने कांग्रेस ज्वाइन करने वाले लोगों को बधाई देते हुए कहा कि बीजेपी से जनता का मन बहुत जल्द ऊब चुका है, लोग फिर से कांग्रेस को लाना चाहते हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

