THE CG NEWS
दुर्ग। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड दुर्ग क्षेत्र के अंतर्गत विद्युत संभाग साजा के देवकर उप संभाग में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम दुर्ग द्वारा विद्युत उपभोक्ता जागरूकता विषय पर बैठक का आयोजन किया। बैठक में सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता सहित अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा क्षेत्र के घरेलू, कृषि पंप, व्यावसायिक व औद्योगिक कनेक्शनधारी उपभोक्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम दुर्ग के अध्यक्ष पीव्ही सजीव और विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम बीएसपी क्षेत्र के अध्यक्ष अनिल चौहान ने उपभोक्ताओं और विभागीय अमले को फोरम की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने विद्युत शिकायतों की जानकारी देते हुए उन्हें फोरम में दर्ज करने की चरणबद्ध प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।
वक्ताओं ने उपस्थित विद्युत उपभोक्ताओं और विभागीय अधिकारियों को मानक संचालन प्रक्रिया के विभिन्न मानकों और निर्धारित समय-सीमा के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। विद्युत प्रदाय संहिता से जुड़े विभिन्न प्रावधानों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई और विद्युत संबंधी अन्य व्यावहारिक समस्याओं के समाधान को लेकर मार्गदर्शन दिया गया।
फोरम के पदाधिकारियों द्वारा विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायतों का त्वरित व समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
