
- सरकार पर फिर बरसे, कहा ज्ञानेश कुमार भ्रष्ट
THE CG NEWS
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बेहद तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने 2024 के चुनाव को फर्जी बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी को फर्जी और अवैध प्रधानमंत्री कहा। राहुल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भ्रष्ट कहा है।
राहुल ने भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि देश के युवाओं और जेन-जी ने इस मुद्दे पर भाजपा को घेर लिया है। अब सरकार परिसीमन के जरिए चुनावी व्यवस्था में बदलाव का नया रास्ता तलाश रही है। पीएम मोदी पिछला चुनाव हार गए थे। वे वाराणसी से चुनाव हारे और अब नए तरीके से जान बचाने के लिए प्लान लेकर आए हैं। जेन-जी को यह मालूम होना चाहिए। मोदी भारत की आत्मा पर हमला कर रहे हैं, हम संविधान की रक्षा के लिए अडिग हैं।
राहुल गांधी ने भाजपा पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और मतदान प्रक्रिया पर कब्जा कर लिया है। अब निर्वाचन क्षेत्रों के पूरे ढांचे को बदलना चाहते हैं। सरकार का मकसद चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं अपने हिसाब से तय करना है। राहुल ने दावा किया कि भाजपा के खिलाफ युवाओं ने वोट चोरी के मुद्दे पर आवाज उठाई है और उसके लिए पहले से मौजूद रास्ते बंद कर दिए हैं। इसलिए सरकार नई योजना के जरिए दूसरा रास्ता खोलने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा को देश को तानाशाही में बदलने नहीं देगी। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि जाति जनगणना को किनारे कर दिया गया है और 2027 की जनगणना को अप्रासंगिक बनाया जा रहा है। सरकार 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल क्यों करना चाहती है ? नई जनगणना से ऐसे तथ्य सामने आ सकते हैं, जो भाजपा के लिए असहज होंगे। पुराने आंकड़ों के आधार पर 2051 तक व्यवस्था स्थिर रखने का मतलब अगले 40 साल तक सामाजिक न्याय को पीछे करना होगा।
राहुल ने कहा कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या अगले 40 साल तक स्थिर रखी जाएगी, जबकि इस दौरान उनकी आबादी बढ़ सकती है। इससे एससी, एसटी और ओबीसी समुदायों के अधिकार कमजोर होंगे। राहुल ने कहा कि अल्पसंख्यकों को भी उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। जाति जनगणना के नतीजे सामने नहीं आने देने के पीछे यही वजह है।
राहुल गांधी ने कहा कि परिसीमन आयोग को सभी राजनीतिक दलों की सहमति से काम करना चाहिए। ओबीसी महिलाओं के लिए अलग उप-कोटा बनाने की मांग भी की। राहुल ने आरोप लगाया कि असली मुद्दा महिला आरक्षण नहीं, बल्कि भाजपा को भारतीय लोकतंत्र की बुनियाद अपने हिसाब से दोबारा तैयार करने की छूट देना है। चुनावी व्यवस्था में बदलाव के जरिए सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है।