THE CG NEWS
रायपुर। छत्तीसगढ़ में धीमी गति से धान खरीदी होने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर सवाल किये हैं। दीपक बैज ने कहा कि 160 लाख टन धान खरीदी के लक्ष्य के मुकाबले शुरुआती 11 दिनों में सिर्फ 5 प्रतिशत धान खरीदी हुई है। धान खरीदी के लिए छुट्टियों को छोड़कर कुल 47 दिन ही मिलेंगे। बाकी 36 दिनों में 95% लक्ष्य पूरा करना मुश्किल है।
दीपक बैज ने एग्रीस्टैक पोर्टल में गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि सरकार का दावा है कि पिछले साल पंजीयन कराने वाले किसानों को दोबारा पंजीयन की जरूरत नहीं है। इसके बावजूद हजारों किसानों के पंजीकृत खसरे और रकबे इस साल पोर्टल पर शून्य दिखाई दे रहे हैं। कई किसानों की धान की फसल को पोर्टल पर दूसरी फसल के रूप में दर्ज दिखाया जा रहा है। किसानों के सामने यह परेशानी है कि जब पिछले साल के पंजीयन के आधार पर उन्होंने धान बेचा था, तो इस साल उनका रकबा शून्य कैसे हो गया?
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि, खसरा और फसल से जुड़ी विसंगतियों, भौतिक सत्यापन की नई प्रक्रिया और खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं के कारण किसानों में असमंजस है। बैज ने सरकार से धान खरीदी की व्यवस्था दुरुस्त करने और किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
